536 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीयन, निजी कंपनियों ने साक्षात्कार लेकर किया चयन
रोजगार के साथ स्वरोजगार, स्टार्टअप और कौशल योजनाओं की भी दी गई जानकारी
दमोह, 24 मार्च 2026/ मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा जिला प्रशासन दमोह के निर्देशन में आयोजित होने वाले मासिक युवा संगम रोजगार मेले की श्रृंखला में वित्तीय वर्ष 2025-26 का 12वां युवा संगम रोजगार मेला मंगलवार को आयोजित किया गया। रोजगार मेले में जिले भर से बड़ी संख्या में युवक-युवतियां रोजगार की उम्मीद लेकर पहुंचे, जहां विभिन्न निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने साक्षात्कार लेकर अभ्यर्थियों का चयन किया।
रोजगार मेले में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से कुल 536 अभ्यर्थियों ने पंजीयन कराया। पंजीकृत अभ्यर्थियों में आईटीआई, स्नातक, हायर सेकेंडरी एवं अन्य तकनीकी योग्यता वाले युवा शामिल रहे। मेले में उपस्थित कंपनियों ने चरणबद्ध तरीके से इंटरव्यू आयोजित कर अभ्यर्थियों की योग्यता, अनुभव और रुचि के आधार पर चयन प्रक्रिया पूरी की। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 371 युवाओं को विभिन्न कंपनियों द्वारा जॉब ऑफर प्रदान किए गए।
विभिन्न कंपनियों ने किया चयन
रोजगार मेले में मदर्सन ऑटोमोटिव इंडिया द्वारा 43, जय भारत मारुति द्वारा 47, हाइडिलवर्ग मायसेम सीमेंट द्वारा 33, प्रतिभा सिंटेक्स धार द्वारा 36, कैप्सटन सिक्योरिटी सर्विस द्वारा 20, वायएसएफ पीथमपुर द्वारा 48, वर्धमान यार्न सतलापुर द्वारा 6, गोल्डी सोलर द्वारा 13, शिव शक्ति बायोटेक द्वारा 30, एलआईसी द्वारा 12, पुखराज द्वारा 31, सुमित रिकॉर्डिंग द्वारा 7 तथा टास्क मार्क अहमदाबाद द्वारा 45 युवाओं का चयन किया गया। चयनित युवाओं को कंपनी प्रतिनिधियों द्वारा नियुक्ति से संबंधित जानकारी भी दी गई।
रोजगार के साथ स्वरोजगार पर भी जोर
युवा संगम रोजगार मेले में युवाओं को केवल नौकरी के अवसर ही नहीं, बल्कि स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़ी योजनाओं की भी जानकारी दी गई। “सीखो कमाओ” योजना के अंतर्गत 11 युवाओं को मार्गदर्शन प्रदान किया गया। प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना के तहत 9 अभ्यर्थियों को जानकारी दी गई।जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र द्वारा स्टार्टअप शुरू करने के इच्छुक 43 युवाओं को उद्योग स्थापना, पंजीयन प्रक्रिया, वित्तीय सहायता और प्रशिक्षण से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने युवाओं को स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने हेतु प्रेरित किया।
स्वास्थ्य काउंसलिंग और बैंकिंग मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के काउंसलर द्वारा 13 अभ्यर्थियों की काउंसलिंग की गई। वहीं लीड बैंक, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र और अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने युवाओं को स्वरोजगार, ऋण योजनाएं, मुद्रा लोन, स्टार्टअप सहायता एवं उद्यम स्थापना से जुड़ी जानकारी दी।
युवाओं में दिखा उत्साह
रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लेकर रोजगार के अवसरों का लाभ उठाया। कई अभ्यर्थियों ने मौके पर ही कंपनियों के प्रतिनिधियों से बातचीत कर जॉब प्रोफाइल, वेतन, कार्यस्थल और प्रशिक्षण संबंधी जानकारी प्राप्त की। चयनित युवाओं ने रोजगार मेला आयोजन को उपयोगी बताते हुए प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।प्रशासन ने बताया कि युवा संगम रोजगार मेला प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार को आयोजित किया जाता है, ताकि जिले के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। इससे युवाओं को बाहर जाने की आवश्यकता कम होती है और उन्हें कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है।कार्यक्रम के अंत में जिला रोजगार अधिकारी एल.पी. लडिया एवं प्राचार्य आईटीआई देवेश श्रीवास्तव ने उपस्थित कंपनियों के प्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों एवं अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के रोजगार मेलों का आयोजन निरंतर किया जाएगा।
