दमोह। शहर के हृदय स्थल घंटाघर के समीप शुक्रवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जिला अस्पताल जाने वाले मार्ग पर पुरानी नगर पालिका गेट के सामने बिजली विभाग की डीपी में अचानक भीषण आग लग गई। तेज लपटों और घने धुएं के कारण आसपास भय का माहौल बन गया और राहगीर व वाहन चालक अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार डीपी से अचानक चिंगारियां निकलने लगीं, जिसके बाद कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। घटना स्थल व्यस्त क्षेत्र होने के कारण लोगों में घबराहट फैल गई। आसपास के दुकानदारों ने एहतियात के तौर पर दुकानें बंद कर दीं और राहगीरों को दूर रहने की सलाह दी गई।
बताया जा रहा है कि इन दिनों बढ़ती गर्मी के चलते बिजली की मांग में अचानक इजाफा हुआ है, जिससे तय लोड पर भी दबाव बढ़ गया है। अत्यधिक लोड के कारण डीपी में तकनीकी खराबी आने की आशंका जताई जा रही है। वहीं कुछ लोगों ने यह भी बताया कि एलपीजी आपूर्ति में बाधा के चलते बिजली उपकरणों का उपयोग बढ़ने से खपत में वृद्धि हुई है, जिससे ट्रांसफार्मरों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
घटना के बाद सुरक्षा की दृष्टि से संबंधित क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तत्काल बंद कर दी गई। बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सुधार कार्य शुरू किया। आवश्यक मरम्मत के बाद कुछ समय पश्चात सप्लाई को पुनः चालू कर दिया गया, जिससे क्षेत्रवासियों को राहत मिली।
घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, हालांकि आग लगने से कुछ समय के लिए क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित रही। नागरिकों ने मांग की है कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए पुराने ट्रांसफार्मरों और डीपी की समय पर जांच व क्षमता बढ़ाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी विद्युत उपकरण या डीपी में चिंगारी या धुआं दिखाई देने पर तुरंत दूरी बनाएं और बिजली विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते दुर्घटना को टाला जा सके।
