इंदौर/कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई एक बार फिर आमजन के लिए राहत का माध्यम बनी। कलेक्टर शिवम वर्मा ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुना तथा कई मामलों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया। शेष प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में हल करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।जनसुनवाई के दौरान एक मार्मिक प्रकरण सामने आया, जिसमें बुजुर्ग महिला श्रीमती सावित्री मंडलोई ने अपनी वर्षों पुरानी समस्या रखी। उन्होंने बताया कि कॉलोनी में मकान निर्माण के बावजूद उन्हें घर की रजिस्ट्री नहीं मिल सकी थी, जिसके कारण वे लंबे समय से परेशान थीं। कलेक्टर शिवम वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित विभागों को निर्देशित किया। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला के घर की रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।समस्या के समाधान से भावुक हुईं श्रीमती मंडलोई मंगलवार को जनसुनवाई में मिठाई लेकर पहुँचीं और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा कलेक्टर शिवम वर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित समस्या का इतने कम समय में समाधान होना प्रशासन की संवेदनशीलता का प्रमाण है।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर ने आमजन से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएँ सुनीं। विभिन्न विभागों से संबंधित बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से प्लॉट और संपत्ति विवाद, पारिवारिक प्रकरण, चिकित्सा सहायता तथा रोजगार से जुड़े मामले शामिल रहे। कलेक्टर ने सभी मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जनसुनवाई में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, रोशन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याओं को सहानुभूति के साथ सुनकर मौके पर ही समाधान की प्रक्रिया शुरू की।प्रशासन की इस पहल से नागरिकों में विश्वास बढ़ा है और जनसुनवाई व्यवस्था आमजन के लिए प्रभावी मंच के रूप में सामने आई है।
