इंदौर/अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए इंदौर जिला प्रशासन ने मंगलवार को टिगरिया बादशाह क्षेत्र के समीप संचालित एक अवैध गोदाम पर बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देश पर एसडीएम निधि वर्मा के नेतृत्व में गठित प्रशासनिक टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में ज्वलनशील सॉल्वेंट बरामद किया। कार्रवाई के दौरान गोदाम में बिना लाइसेंस के करीब 22 हजार लीटर डिस्टिल्ड सॉल्वेंट संग्रहित पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया।
जांच के दौरान टीम को गोदाम परिसर में आयल पेंट मिक्सर और पेंट रिमूवर जैसे ज्वलनशील पदार्थ भी मिले। अधिकारियों ने पाया कि गोदाम संचालक के पास इन पदार्थों के भंडारण के लिए आवश्यक वैध लाइसेंस नहीं था। बिना अनुमति इतनी बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री का संग्रहण सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन माना गया।
कार्रवाई के दौरान सबसे चिंताजनक तथ्य यह सामने आया कि गोदाम में किसी प्रकार का फायर सेफ्टी सिस्टम उपलब्ध नहीं था। आग लगने की स्थिति में आसपास के रहवासी क्षेत्र में बड़े हादसे की आशंका बनी हुई थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए गोदाम को सील कर दिया।
तहसीलदार नारायण नांदेडा ने मौके पर ही सीलिंग की कार्रवाई पूरी कराई। इस दौरान तहसीलदार ओंकार मनाग्रे, सहायक खाद्य अधिकारी अविनाश जैन तथा बाणगंगा थाना पुलिस बल भी मौजूद रहा। प्रशासन के अनुसार यह गोदाम खातीवाला टैंक निवासी अब्दुल कादिर पिता फखरुद्दीन का बताया गया है।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध रूप से ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे गोदामों की पहचान कर अभियान चलाकर कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि बिना अनुमति संचालित गोदामों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
