इंदौर/कलेक्ट्रेट परिसर में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई एक बार फिर आमजन के लिए राहत का प्रभावी मंच साबित हुई। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, जहां प्रशासन ने तत्परता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया। कुल 305 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अनेक प्रकरणों पर तुरंत कार्रवाई कर जरूरतमंदों को राहत प्रदान की गई, जबकि शेष मामलों को समय-सीमा निर्धारित कर संबंधित विभागों को भेजा गया।
कलेक्टर शिवम वर्मा की मौजूदगी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी गई। अधिकारियों ने आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कई मामलों में तत्काल आदेश जारी किए। प्रशासन की इस सक्रियता से जनसुनवाई में पहुंचे लोगों को त्वरित राहत मिली।
जनसुनवाई के दौरान दिव्यांग युवक शुभम साहू का मामला सामने आया, जिसकी मोटराइज्ड व्हीलचेयर बस यात्रा के दौरान गुम हो गई थी। व्हीलचेयर खो जाने से उसे आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने तत्काल नई व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घटना की जांच के लिए आरटीओ को संबंधित बस की जांच कर व्हीलचेयर तलाशने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
एक अन्य मामले में वृद्ध महिला सविता शिंगले अपने पोता-पोती के साथ सहायता के लिए जनसुनवाई में पहुंचीं। पारिवारिक संकट और आर्थिक तंगी को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल 24 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की। इसके साथ ही बच्चों का नाम मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में जोड़ने और उनकी शिक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
स्वास्थ्य से जुड़े मामलों में भी प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाई। एक किडनी मरीज ने उपचार के लिए आर्थिक सहायता की मांग की थी। मरीज का आगामी माह ऑपरेशन प्रस्तावित होने के कारण प्रशासन ने तत्काल आर्थिक मदद उपलब्ध कराई, ताकि समय पर इलाज संभव हो सके।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि जनसुनवाई में प्राप्त सभी आवेदनों का परीक्षण किया जा रहा है। जिन मामलों का मौके पर निराकरण संभव था, उनका तत्काल समाधान किया गया है। शेष प्रकरणों को राजस्व, पुलिस, सामाजिक न्याय, स्वास्थ्य और अन्य विभागों को समय-सीमा के साथ भेजा गया है, ताकि आवेदकों को जल्द राहत मिल सके।
जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने आमजन की समस्याएं सुनकर मौके पर ही कई मामलों का निराकरण सुनिश्चित किया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और शासन की योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना है।
