मुरैना/अवैध रेत उत्खनन रोकने की कार्रवाई के दौरान रेत माफिया ने एक वनकर्मी की बेरहमी से हत्या कर दी। दिमनी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के करीब 5:30 बजे हुई इस घटना ने पूरे वन विभाग को झकझोर दिया है। आरोप है कि अवैध रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास करने पर माफिया ने वनकर्मी के सिर पर वाहन चढ़ा दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार रानपुर चौराहा पर तैनात वन विभाग की टीम ने अवैध रेत लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान चालक ने वाहन नहीं रोका और सीधे वनकर्मी हरकेश गुर्जर (32 वर्ष) को निशाना बनाते हुए ट्रैक्टर चढ़ा दिया। ट्रॉली का पहिया सिर से गुजरने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मृतक हरकेश गुर्जर मुरैना जिले के जनकपुर गांव के निवासी थे। वे पूर्व में पन्ना टाइगर रिजर्व में पदस्थ रहे थे और करीब चार माह पहले ही उनका स्थानांतरण मुरैना जिले में हुआ था। वर्तमान में वे अंबाह एसडीओ कार्यालय अंतर्गत ड्यूटी कर रहे थे। ड्यूटी के दौरान हुई इस हत्या से वन विभाग के कर्मचारियों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक और संबंधित माफिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों पर नाकाबंदी कर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
इस घटना ने क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और माफिया के बढ़ते हौसलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वन विभाग के कर्मचारियों ने सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
