भोपाल, 08 अप्रैल 2026/ उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इन्दर सिंह परमार की अध्यक्षता में पं. खुशीलाल शर्मा शासकीय स्वशासी आयुर्वेद महाविद्यालय एवं संस्थान की साधारण सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संस्थान के विकास कार्यों, बजट, अधोसंरचना विस्तार तथा आगामी योजनाओं पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।मंत्री परमार ने महाविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, चिकित्सालयीन सेवाओं और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए संस्थान को आयुर्वेदिक शिक्षा एवं उपचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।
बजट अनुमोदन और नई सेवाओं पर निर्णय
बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक वित्तीय प्राक्कलन (बजट) को मंजूरी दी गई। साथ ही संस्थान चिकित्सालय के पैथोलॉजी विभाग में ईएमजी, ईईजी, ईको-कार्डियोग्राफी और अल्ट्रासोनोग्राफी सेवाओं की दरें निर्धारित करने पर सहमति बनी।इसके अतिरिक्त शिक्षण एवं चिकित्सालयीन सुविधाओं को मजबूत करने तथा बाह्य संस्थानों द्वारा प्रायोजित परियोजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
हर्बल गार्डन के विस्तार के निर्देश
बैठक में संस्थान परिसर में विकसित 5 एकड़ के हर्बल गार्डन को और विस्तारित करने के निर्देश दिए गए। मंत्री ने आदिवासी अंचलों में प्रचलित आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों पर वैज्ञानिक शोध को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई और इस दिशा में ठोस पहल करने को कहा।
अधोसंरचना विस्तार की कई योजनाएं
बैठक में संस्थान की आगामी योजनाओं पर चर्चा करते हुए कई प्रस्तावों पर मंथन किया गया, जिनमें—
- अकादमिक ब्लॉक का निर्माण पूर्ण करना
- एनिमल हाउस एवं फार्मेसी भवन का विकास
- इनडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स निर्माण
- यूजी बॉयज हॉस्टल का निर्माण प्रारंभ
- चिकित्सालय में इमरजेंसी यूनिट की स्थापना
- आईसीयू एवं एनआईसीयू सुविधा शुरू करना
- प्रयोगशाला को एनएबीएल प्रत्यायन दिलाना
- अंतर्राष्ट्रीय शोध पत्रिका का प्रकाशन
पीजी कोर्स और हॉस्टल विस्तार का प्रस्ताव
बैठक में पीजी बॉयज हॉस्टल (150 सीट) एवं पीजी गर्ल्स हॉस्टल के निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही दो नए विषयों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम प्रारंभ करने के लिए 50 अतिरिक्त शैय्याएं बढ़ाने पर भी चर्चा हुई।संस्थान की आय-व्यय, बजट प्रबंधन और शुल्क प्राप्ति के लिए स्वयं की वेबसाइट विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
एमओयू और शोध रिपोर्ट का विमोचन
बैठक में उच्च शिक्षा उत्कृष्टता संस्थान भोपाल, भोपाल मिलिट्री स्टेशन एवं भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान के साथ एमओयू हस्ताक्षर की जानकारी भी दी गई।मंत्री इन्दर सिंह परमार ने धार और बड़वानी जिलों में सिकल सेल रोगियों के लिए आयुर्वेदिक औषधियों के सहायक उपचार पर आधारित अध्ययन रिपोर्ट का विमोचन भी किया।बैठक में अपर सचिव आयुष डॉ. संजय मिश्र, संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. उमेश शुक्ला सहित साधारण सभा के सदस्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
