ग्वालियर। बिजौली क्षेत्र के एक गांव में 9 वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालिका अपने ताऊ को खाना देने खेत जा रही थी, तभी रास्ते में मिले 32 वर्षीय युवक ने उसे पकड़कर झाड़ियों में ले जाकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बालिका दोपहर में घर से करीब एक किलोमीटर दूर स्थित खेत पर ताऊ के लिए खाना लेकर निकली थी। रास्ते में कच्चा मार्ग और झाड़ियां हैं। इसी दौरान गांव में रहने वाले आरोपी युवक ने उसे अकेला देखकर रोक लिया। इसके बाद उसने बालिका का हाथ पकड़कर जबरन झाड़ियों में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने भागने की कोशिश की तो आरोपी ने उसका हाथ खींच लिया और रोने पर मुंह दबा दिया। वारदात के बाद आरोपी ने गला दबाकर जान से मारने की धमकी दी और मौके से फरार हो गया। डरी-सहमी बालिका किसी तरह घर पहुंची और परिजनों को घटना बताई।
परिजन तुरंत बालिका को लेकर थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में एफआईआर दर्ज की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि आरोपी पीड़िता के घर के पास ही रहता है और बालिका उसे भैया कहती थी। परिजनों के अनुसार आरोपी पहले से ही बालिका पर गलत निगाह रखता था।पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
