इंदौर/ नगर निगम परिषद के सम्मेलन में वंदे मातरम् के गान से शुरू हुआ विवाद अब महिला पार्षद को पार्टी से बाहर करने की सिफारिश तक पहुंच गया है। बुधवार को पार्षद रुबीना इकबाल खान के बयान के बाद शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने उन्हें पार्टी से निष्कासित करने की सिफारिश प्रदेश नेतृत्व को भेज दी है।शहर कांग्रेस ने इस बीच घोषणा की है कि अब हर बैठक और आयोजन में राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ राष्ट्रगान भी अनिवार्य रूप से होगा। इस संबंध में शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को पत्र लिखकर पार्षद रुबीना खान के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
‘कांग्रेस पार्टी भाड़ में जाए’ बयान पर विवाद
बताया जा रहा है कि सदन में पार्षद रुबीना इकबाल खान ने कथित रूप से “कांग्रेस पार्टी भाड़ में जाए” जैसी टिप्पणी की थी, जिसके बाद विवाद और गहरा गया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने स्पष्ट किया कि निष्कासन की सिफारिश वंदे मातरम् नहीं गाने को लेकर नहीं, बल्कि पार्टी विरोधी बयान को लेकर की गई है।हालांकि, वंदे मातरम् के दौरान मौजूद दूसरी पार्षद फौजिया शेख अलीम के खिलाफ किसी कार्रवाई की सिफारिश नहीं की गई है। गुरुवार 9 अप्रैल को क्षेत्र-दो की बैठक से राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों अनिवार्य करने का निर्णय लागू भी कर दिया गया।
कांग्रेस नेताओं के बयान से बढ़ा विवाद
विवाद पर कांग्रेस नेताओं के बीच भी मतभेद सामने आए हैं। कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जो राष्ट्रधर्म नहीं निभा सकते और वंदे मातरम् नहीं बोल सकते, वे पाकिस्तान जाकर बसें। उन्होंने पार्षद के बयान को भाजपा से मिलकर किया गया राजनीतिक खेल भी बताया।दूसरी ओर कांग्रेस के छत्तीसगढ़ अल्पसंख्यक प्रभारी डॉ. अमीनुल खान सूरी ने कांग्रेस कार्यक्रमों में वंदे मातरम् अनिवार्य करने के फैसले को गलत बताया। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् का सम्मान जरूरी है, लेकिन इसे अनिवार्य करना उचित नहीं है।
सज्जन सिंह वर्मा ने नोटिस देने की बात कही
पूर्व मंत्री एवं पूर्व सांसद सज्जन सिंह वर्मा ने भी इस मामले में अलग रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्रवाई से पहले पार्षद को नोटिस देकर उनका पक्ष लिया जाना चाहिए। प्राकृतिक न्याय के सिद्धांत और पार्टी संविधान के अनुसार ही निर्णय होना चाहिए।उन्होंने कहा कि शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने केवल सिफारिश की है, अंतिम निर्णय पार्टी का शीर्ष नेतृत्व करेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् आजादी की लड़ाई से जुड़ा हुआ है और कांग्रेस परंपरा में इसका विशेष स्थान रहा है।
