जमीन विवाद, पारिवारिक मामलों और साइबर ठगी की शिकायतें पहुंचीं; अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश
दमोह, 8 सितंबर 2026। आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण और पुलिस से जुड़ी शिकायतों के समाधान के लिए मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय दमोह में साप्ताहिक जनसुनवाई आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS) ने जिले के शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सीधे सुनीं।
जनसुनवाई में लोगों ने व्यक्तिगत एवं पारिवारिक विवाद, जमीन संबंधी मामले, साइबर धोखाधड़ी और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के सामने रखीं। एसपी ने प्रत्येक आवेदक से रूबरू होकर उनकी बात गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनी तथा प्राप्त आवेदनों का बारीकी से अवलोकन किया।
मौके से ही अधिकारियों को दिए निर्देश
कई मामलों में पुलिस अधीक्षक ने संबंधित थाना प्रभारियों और अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों से फोन पर प्रकरण की जानकारी ली। वस्तुस्थिति जानने के बाद उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।एसपी ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों को केवल आवेदन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उनका नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
महिला, बच्चों और बुजुर्गों के मामलों को प्राथमिकता
जनसुनवाई के दौरान महिलाओं, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों से संबंधित मामलों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को जल्द से जल्द राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा भी की जाएगी, ताकि लंबित मामलों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा सके।जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया, प्रशिक्षु डीएसपी शिवप्रसाद कंगाली, उपनिरीक्षक गरिमा मिश्रा, उपनिरीक्षक अभिषेक पटेल सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
