इंदौर। शहर की शाम उस समय ग्लैमर और रचनात्मकता के नए रंगों में सराबोर हो गई, जब एनआईएफ ग्लोबल इंदौर टाइम्स फैशन वीक 2026 के चौथे सीजन का भव्य आयोजन 26 से 28 मार्च तक बायपास स्थित होटल ग्रैंड शेरेटन में संपन्न हुआ। त्रिवसीय फैशन उत्सव में आधुनिक फैशन, पारंपरिक विरासत और रचनात्मक प्रयोगों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
शायशा शिंदे के ‘त्रिकाल दृष्टि’ कलेक्शन ने बिखेरा जादू
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रख्यात फैशन डिजाइनर शायशा शिंदे का नवीनतम कलेक्शन “त्रिकाल दृष्टि” रहा। यह कलेक्शन महज़ परिधानों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि नारी शक्ति और आत्मविश्वास का जीवंत उत्सव बनकर सामने आया। डिजाइनर ने अपने विजन को तीन भागों—द ऑरेकल ऑफ द फ्यूचर, द प्रिंसेस ऑफ कंट्रोल्ड कैओस और द लास्ट हाई प्रीस्टेस—में प्रस्तुत किया।
रेगिस्तान की चंचल रेत से प्रेरित इस कलेक्शन में फ्लूइड सिल्हूट्स, मिक्स्ड फैब्रिक और 3डी वर्क का अनूठा तालमेल देखने को मिला। ड्रेप्ड फैब्रिक्स की बारीकियों और मेटालिक एक्सेंट्स ने रैंप पर प्रकाश और छाया का सम्मोहक दृश्य रचा, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा।
शो-स्टॉपर निधि अग्रवाल ने बढ़ाया ग्लैमर
इस भव्य शो को सातवें आसमान तक पहुंचाया बॉलीवुड अभिनेत्री निधि अग्रवाल ने, जिन्होंने शो-स्टॉपर के रूप में पेशेवर मॉडलों के साथ रैंप वॉक कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजन में मोयरा सरिया के चेयरमैन एवं फाउंडर विमल तोड़ी तथा एनआईएफ ग्लोबल इंदौर की चेयरपर्सन साधना तोड़ी ने भी शो-स्टॉपर के साथ रैंप पर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
“द जर्नी ऑफ थ्रेड्स एंड हैंडलूम्स” में दिखा प्रदेश का गौरव
आधुनिक फैशन के साथ पारंपरिक विरासत भी रैंप पर दमकती नजर आई। प्रारंभिक सेगमेंट “ओरा बाय अनामिका” में साड़ी को नए आयाम दिए गए, जहां चटक रंगों और पेस्टल शेड्स के साथ रेडी-टू-वियर साड़ियों का आकर्षक प्रदर्शन हुआ। इसके बाद “पाकीजा लक्स” के बैनर तले डिजाइनर मुमताज़ खान ने अपने विशेष कलेक्शन “द जर्नी ऑफ थ्रेड्स एंड हैंडलूम्स” के माध्यम से भारतीय हस्तशिल्प और हैंडलूम की शाश्वत सुंदरता को प्रस्तुत किया।
चंदेरी और महेश्वरी फैब्रिक की शान
इस कलेक्शन में मध्यप्रदेश की पहचान चंदेरी और महेश्वरी फैब्रिक की सादगी और शाही अंदाज देखने को मिला। साफ-सुथरे सिल्हूट्स और न्यूनतम अलंकरण के जरिए कपड़ों की बुनावट और हस्तकला को प्रमुखता दी गई। मुंबई के अभिनेता शाहवर अली ने शो-स्टॉपर के रूप में रैंप वॉक कर प्रस्तुति को और भव्य बना दिया। वहीं दिल्ली के सुपर मॉडल सऊद खान की दमदार ओपनिंग के साथ शुरू हुए इस सेगमेंट में साड़ियां, लहंगे, शेरवानी और चंदेरी टिश्यू के वेस्टर्न ड्रेसेस ने परंपरा और आधुनिकता का सुंदर सेतु बनाया।
डिजाइनर मुमताज खान ने अपना पूरा कलेक्शन उन शिल्पकारों को समर्पित किया, जो सदियों पुरानी बुनाई कला को आज भी जीवित रखे हुए हैं। इस तीन दिवसीय फैशन वीक ने इंदौर में फैशन, संस्कृति और रचनात्मकता का अद्भुत संगम प्रस्तुत कर दर्शकों को यादगार अनुभव दिया।
