दमोह। माझी समाज के आराध्य देव निषादराज महाराज की जयंती के अवसर पर 23 मार्च को नवरात्रि पंचमी के दिन जिले में भव्य एवं विशाल शोभायात्रा धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। रैकवार, केवट, बर्मन, धुरिया, कहार, कश्यप, निषाद, बाथम, भोई, मल्लाह एवं माझी समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन को लेकर समाज में उत्साह का माहौल बना हुआ है।जानकारी के अनुसार शोभायात्रा का शुभारंभ महाराणा प्रताप स्कूल मैदान, सिविल वार्ड क्रमांक 01 से निषादराज महाराज के चित्र के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुराना थाना, मोहन टॉकीज, बहराम टॉकीज, बकौली तिराहा, घंटाघर चौक, एवरेस्ट लॉज, राय तिराहा, स्टेशन चौराहा, बस स्टैंड चौराहा, भीमराव रामजी आंबेडकर चौक, भाजपा कार्यालय कीर्ति स्तंभ, शिवाजी चौक, डॉक्टर हाउस के सामने से होते हुए शिव शिशु विद्यालय मार्ग से पुनः महाराणा प्रताप स्कूल मैदान पहुंचेगी।यहां मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें निषादराज महाराज का पूजन, समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान तथा सामाजिक एकता का संदेश दिया जाएगा। कार्यक्रम के साथ ही विशाल शोभायात्रा का समापन किया जाएगा।आयोजकों ने जिले के रैकवार, केवट, बर्मन, धुरिया, कश्यप, कहार, निषाद, भोई, मल्लाह, बाथम एवं माझी समाज के सभी स्वजातीय बंधुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने और सामाजिक एकता का परिचय देने की अपील की है।
