जबलपुर से पथरिया मलखान जा रहे कलाकारों की गाड़ी चकनाचूर; देहात थाना पुलिस और 112 की तत्परता से बचीं जानें
दमोह, 4 मई/ जिले के देहात थाना क्षेत्र अंतर्गत तिदौनी गांव के समीप रविवार रात करीब 8 बजे एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार छह लोग बुरी तरह घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई तथा कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी अमित गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं 112 डायल के पायलट मोहम्मद हादी, आरक्षक भोले एवं दूसरी 112 टीम के आरक्षक सुमित चौबे ने तत्काल राहत कार्य संभालते हुए घायलों को वाहन से बाहर निकलवाया और 108 एम्बुलेंस की सहायता से जिला चिकित्सालय पहुंचाया। समय रहते पुलिस और आपातकालीन सेवाओं की तत्परता ने संभावित बड़ी जनहानि को टाल दिया।
जबलपुर से कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थी डांस पार्टी
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार क्रमांक एमपी 20 सीएल 0898 में सवार सभी लोग जबलपुर से पथरिया मलखान क्षेत्र में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने जा रहे थे। बताया जा रहा है कि यह दल डांस पार्टी से जुड़ा हुआ था और रात्रिकालीन आयोजन में शामिल होने के लिए दमोह मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान तिदौनी के पास सड़क किनारे खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक सामने आने से चालक नियंत्रण नहीं रख सका और कार सीधे पीछे से ट्रॉली में जा धंसी।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी, लेकिन उस पर पर्याप्त चेतावनी संकेत या रिफ्लेक्टर की व्यवस्था स्पष्ट नहीं थी। अंधेरे और तेज रफ्तार के बीच चालक को वाहन का अंदाजा नहीं लग सका, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया।
कार के परखच्चे उड़े, सभी सवार घायल
टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। अंदर बैठे यात्री सीटों में फंस गए और उन्हें बाहर निकालने में पुलिस व स्थानीय लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया जहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर आशुतोष पटेल, डॉक्टर मनीष संगतानी तथा डॉक्टर ईश्वर राजपूत ने तत्काल उपचार प्रारंभ किया।
पुलिस के अनुसार घायलों में—
- चालक अभिषेक पिता स्व. मल्लू, उम्र 27 वर्ष, निवासी जबलपुर
- राजू काछी पटेल पिता कोमल प्रसाद, निवासी जबलपुर
- अंकित पिता सुशील उपाध्याय, निवासी नागपुर
- खुशी निवासी रामटेक, महाराष्ट्र
- रोशनी पिता दीपक मराठा, निवासी नागपुर
- सीमा पिता संतराम अहिरवार, उम्र 23 वर्ष, निवासी नागपुर
शामिल हैं। सभी को चोटें आई हैं, जिनका उपचार जिला अस्पताल में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों को अंदरूनी चोटें भी लगी हैं, इसलिए निगरानी में रखा गया है।
एक ही रात में दूसरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जनित दुर्घटना, उठे गंभीर सवाल
गौरतलब है कि जिले में रात्रि के समय बिना समुचित संकेत, बिना रिफ्लेक्टर और असुरक्षित तरीके से खड़ी अथवा संचालित ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के कारण दुर्घटनाओं का सिलसिला लगातार सामने आ रहा है। समन्ना मार्ग पर सरिया लदी ट्रॉली से बाइक सवार के गंभीर घायल होने की घटना के कुछ घंटों बाद तिदौनी के पास यह दूसरी बड़ी दुर्घटना सामने आना यातायात व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रहा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि ग्रामीण सड़कों पर खड़े भारी वाहनों के लिए न तो चेतावनी बोर्ड लगाए जाते हैं और न ही परिवहन व यातायात अमला नियमित निगरानी करता है। ऐसे में रात के समय गुजरने वाले वाहन सीधे खतरे में पड़ जाते हैं।
देहात पुलिस ने शुरू की जांच
देहात थाना पुलिस ने घटना का पंचनामा तैयार कर कार एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली की स्थिति का परीक्षण शुरू कर दिया है। यह भी देखा जा रहा है कि ट्रॉली नियमानुसार खड़ी थी या नहीं तथा उसमें सुरक्षा संकेतक लगे थे अथवा नहीं। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
तिदौनी का यह हादसा एक बार फिर यही सवाल खड़ा कर रहा है—क्या दमोह जिले की सड़कों पर रात में खड़े या दौड़ते असुरक्षित ट्रैक्टर-ट्रॉली वाहन अब खुलेआम मौत का जाल बन चुके हैं?
