सिंध सारस्वत ब्राह्मण वेलफेयर एसोसिएशन के भव्य समारोह में 51 ब्राह्मणों एवं प्रतिष्ठित ज्योतिषाचार्यों का हुआ अभिनंदन
इंदौर। समाज, संस्कृति और सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन के उद्देश्य से कार्यरत सिंध सारस्वत ब्राह्मण वेलफेयर एसोसिएशन रजिस्टर्ड, इंदौर द्वारा आयोजित भव्य सम्मान समारोह में देशभर की प्रतिष्ठित विभूतियों का सम्मान किया गया। इस अवसर पर ज्योतिष एवं वास्तु शास्त्र के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाओं, आध्यात्मिक मार्गदर्शन तथा जनकल्याण के लिए किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों के लिए आचार्य पं. नारायण वैष्णव को प्रतिष्ठित “ज्योतिष वास्तु देवज्ञ शिरोमणि” सम्मान से अलंकृत किया गया।
संस्था के सेमिनार हॉल, 83 राजमहल कॉलोनी मेन, इंदौर में आयोजित इस गरिमामय समारोह में समाज, धर्म, संस्कृति, शिक्षा, अध्यात्म एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले 51 ब्राह्मण बंधुओं तथा इंदौर सहित विभिन्न क्षेत्रों के ख्यातिप्राप्त ज्योतिषाचार्यों का सम्मान किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाजसेवी, विद्वान, धर्माचार्य, ज्योतिषाचार्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चारण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अतिथियों का पुष्पमालाओं एवं सम्मान पत्रों के साथ स्वागत किया गया। आयोजन का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित कर उनके योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना तथा समाज में सकारात्मक कार्यों को बढ़ावा देना था।
इस अवसर पर संस्था के वरिष्ठ पदाधिकारी पंडित सुरेश आर. शर्मा ने संगठन की गतिविधियों एवं उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि सिंध सारस्वत ब्राह्मण वेलफेयर एसोसिएशन समाज के उत्थान, सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण और प्रतिभाओं के सम्मान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि समाज में ऐसे अनेक व्यक्तित्व हैं जो बिना किसी प्रचार-प्रसार के वर्षों से जनसेवा, शिक्षा, धर्म और संस्कृति के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे लोगों का सम्मान करना संस्था का दायित्व है।
कार्यक्रम का सफल संचालन पंडित रवि शर्मा ने प्रभावशाली ढंग से किया, जबकि आयोजन को सफल बनाने में सचिन शर्मा का विशेष सहयोग रहा। समारोह के दौरान वक्ताओं ने ब्राह्मण समाज की गौरवशाली परंपरा, शिक्षा, संस्कार और सामाजिक दायित्वों पर भी अपने विचार व्यक्त किए।
सम्मान समारोह में इंदौर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्यों में श्री प्रेमानंद परमार, रामशंकर तिवारी, पं. संजय शर्मा, आचार्य पं. नारायण वैष्णव, गौरव गुप्ता, गौरव अग्रवाल, पं. विनोद शास्त्री, जितेंद्र नाथ, संगीता शर्मा, मीना चौहान एवं सीमा चौहान सहित अनेक विद्वानों को सम्मानित किया गया। इन सभी विद्वानों को वर्षों से ज्योतिष, वास्तु एवं आध्यात्मिक ज्ञान के माध्यम से समाज को दिशा देने और जनमानस की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
विशेष रूप से आचार्य पं. नारायण वैष्णव को प्रदान किया गया “ज्योतिष वास्तु देवज्ञ शिरोमणि” सम्मान समारोह का प्रमुख आकर्षण रहा। संस्था के पदाधिकारियों ने कहा कि आचार्य वैष्णव लंबे समय से ज्योतिष एवं वास्तु शास्त्र के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने अपने ज्ञान, अनुभव और सेवा भाव से हजारों लोगों को लाभान्वित किया है तथा समाज में आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके कार्यों को देखते हुए यह सम्मान उन्हें प्रदान किया गया।
सम्मान प्राप्त करने के बाद आचार्य पं. नारायण वैष्णव ने संस्था का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके लिए केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि ज्योतिष और वास्तु शास्त्र की उस परंपरा का सम्मान है, जो मानव जीवन को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा, आध्यात्मिक जागरूकता और भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रचार-प्रसार के लिए वे आगे भी समर्पित भाव से कार्य करते रहेंगे।
समारोह में ब्राह्मण समाज के सक्रिय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले संजय शर्मा, गगन भारद्वाज, जितेंद्र शर्मा, स्वाति शर्मा, डीसी चतुरानी, सचिन शर्मा सहित कुल 51 ब्राह्मण बंधुओं का भी सम्मान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रतिभाओं का सम्मान केवल उनके कार्यों की सराहना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का माध्यम भी है। ऐसे आयोजन सामाजिक एकता, सांस्कृतिक जागरूकता और सेवा भावना को मजबूत करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में सभी सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं दी गईं तथा समाज के उत्थान और सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ यह समारोह समाज के लिए प्रेरणा और गौरव का विषय बना रहा।
