दमोह, बुधवार 1 अप्रैल। मध्य प्रदेश के दमोह जिला मुख्यालय पर आज 1 अप्रैल बुधवार को नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के तहत आयोजित प्रवेश उत्सव कार्यक्रम उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने विद्यालय पहुंचकर बच्चों पर पुष्प वर्षा की, रोली लगाकर उनका आत्मीय स्वागत किया और उन्हें नए सत्र की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया तथा उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, नियमित रूप से विद्यालय आने और अपने उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा बच्चों के जीवन को दिशा देने का सबसे सशक्त माध्यम है और प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कलेक्टर ने शिक्षकों से भी अपील की कि वे बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ सीखते हुए आगे बढ़ सकें। प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा और बच्चों ने भी खुशी के साथ कार्यक्रम में भाग लिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य डीके मिश्रा सहित कुमारी अनिता चौहान, शरद मिश्रा, सविता पटेल, रीना चौरसिया, मनमीत कौर, प्रीति पांडे, विपिन तिवारी, रामरतन, एच.एल. अहिरवार, देव ठाकुर, शशि टेकाम, विष्णु शर्मा, अशुतोष सिंह, प्रशांत श्रीवास्तव, अपूर्वा राजपूत, एच.एल. अठेया, रोशनी चंदकर तथा रमेश सरल सहित विद्यालय का स्टाफ उपस्थित रहा।
प्रवेश उत्सव का उद्देश्य नए विद्यार्थियों का स्वागत करना, नामांकन बढ़ाना और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना रहा।
