24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा, विजेता टीमों को मध्यप्रदेश भ्रमण के लिए निःशुल्क टूर पैकेज
भोपाल। मध्यप्रदेश में पर्यटन के प्रति विद्यार्थियों की रुचि बढ़ाने और उन्हें प्रदेश की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं प्राकृतिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित एमपी टूरिज्म राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज-2026 का समापन कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में हुआ। प्रतियोगिता में बालाघाट के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। धार के पब्लिक स्कूल की टीम दूसरे और सीधी के काशी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की टीम तीसरे स्थान पर रही।
संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास और धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विजेता विद्यार्थियों को मेडल और पर्यटन भ्रमण के निःशुल्क टूर पैकेज के कूपन प्रदान किए। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। स्कूल शिक्षा विभाग के सहयोग से आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 53 जिलों से 24 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने सहभागिता की।
पर्यटन के क्षेत्र में करियर बनाने का अवसर
राज्यमंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यटन क्विज का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रदेश के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक विरासत और समृद्ध संस्कृति के प्रति रुचि विकसित करना है। इस प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यटन के क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं की जानकारी भी मिलती है। उन्होंने कहा कि पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं, जिनसे युवा अपने भविष्य को नई दिशा दे सकते हैं।
पर्यटन से जुड़कर युवा बना सकते हैं उज्ज्वल भविष्य
पर्यटन सचिव एवं मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि पर्यटन क्विज युवा पीढ़ी को प्रदेश की ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। प्रदेश के पर्यटन स्थलों की जानकारी विद्यार्थियों के लिए पर्यटन एवं यात्रा उद्योग में करियर के नए अवसर खोल सकती है।
उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने, लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने और प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की संस्कृति और विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने में विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
विजेता टीमों को मिलेगा मध्यप्रदेश भ्रमण का अवसर
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के अंतिम चरण में छह टीमों ने स्थान बनाया। इनमें सीधी, धार, मुरैना, सतना, बालाघाट और उमरिया की टीमें शामिल थीं। पर्यटन विभाग की ओर से विजेता टीमों के साथ अन्य चयनित टीमों को भी मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का अवसर दिया गया।पुरस्कार के अंतर्गत प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली बालाघाट की टीम को पांच दिन और चार रात का निःशुल्क टूर पैकेज दिया गया। दूसरे स्थान पर रही धार की टीम को चार दिन और तीन रात तथा तीसरे स्थान पर रही सीधी की टीम को तीन दिन और दो रात के भ्रमण का पैकेज मिला। इसके अतिरिक्त जिला स्तरीय प्रतियोगिता की टीमों को भी तीन दिन और दो रात के भ्रमण का अवसर प्रदान किया गया।
21 लाख से अधिक विद्यार्थी जुड़ चुके हैं पर्यटन क्विज से
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रदेश की पर्यटन संपदा से जोड़ने और पर्यटन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रतिवर्ष राज्य स्तरीय पर्यटन क्विज आयोजित की जाती है। इस पहल से अब तक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 21 लाख से अधिक विद्यार्थी मध्यप्रदेश पर्यटन से जुड़ चुके हैं।इस वर्ष प्रतियोगिता की थीम “द ट्रेजर आर्ट ऑफ एमपी” रखी गई थी। इसमें प्रदेश के शासकीय और अशासकीय विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम के समापन अवसर पर भोपाल के शासकीय आदर्श आवासीय कन्या संस्कृत विद्यालय की 30 छात्राओं ने ‘श्री रामचरितम्’ की प्रस्तुति दी। भारतीय ज्ञान परंपरा, शास्त्रीय अभिनय और लोक संगीत के माध्यम से भगवान श्रीराम के जन्म से लेकर वनवास, सीता हरण, राम-रावण युद्ध और राज्याभिषेक तक की कथा को लगभग 35 मिनट में मंच पर जीवंत किया गया। विद्यार्थियों के लिए माइंड रीडर प्ले का भी आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड के संयुक्त संचालक डॉ. संतोष श्रीवास्तव, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण एच.एन. नेमा, एसडीएम लखन सिंह चौधरी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
