भोपाल/ बढ़ती महंगाई और एलपीजी की सप्लाई में देरी के बीच अब गैस सिलेंडर बुकिंग के नाम पर साइबर ठगी के मामले सामने आने लगे हैं। इसे देखते हुए साइबर क्राइम ब्रांच भोपाल ने उपभोक्ताओं के लिए एडवायजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।एडवायजरी में बताया गया है कि ठग खुद को गैस एजेंसी का कर्मचारी बताकर उपभोक्ताओं को कॉल करते हैं और सिलेंडर बुकिंग, सब्सिडी अपडेट या डिलीवरी कन्फर्म करने के नाम पर लिंक भेजते हैं। कई मामलों में मोबाइल में APK फ़ाइल डाउनलोड कराने के लिए कहा जाता है। जैसे ही उपभोक्ता लिंक पर क्लिक करता है या ऐप डाउनलोड करता है, मोबाइल का एक्सेस ठगों तक पहुंच जाता है और बैंक खाते से राशि निकाल ली जाती है।
ऐसे करते हैं ठगी
- गैस एजेंसी कर्मचारी बनकर कॉल करना
- सिलेंडर बुकिंग या सब्सिडी अपडेट के नाम पर लिंक भेजना
- APK फ़ाइल डाउनलोड कराने का दबाव
- OTP, UPI PIN या बैंक डिटेल मांगना
- मोबाइल का रिमोट एक्सेस लेकर ठगी करना
साइबर क्राइम ब्रांच की सलाह
- गैस सिलेंडर की बुकिंग केवल आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से करें
- किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
- APK फ़ाइल कभी डाउनलोड न करें
- OTP, बैंक विवरण या UPI PIN साझा न करें
- संदिग्ध कॉल मिलने पर तुरंत रिपोर्ट करें
- मोबाइल ऐप केवल Play Store या App Store से ही डाउनलोड करें
सिलेंडर के लिए करना पड़ रहा इंतजार
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अनुसार सामान्य स्थिति में बुकिंग के तीन दिन के भीतर सिलेंडर मिल जाना चाहिए, लेकिन वर्तमान में कई उपभोक्ताओं को 8 से 10 दिन तक इंतजार करना पड़ रहा है। स्टॉक की कमी के कारण एजेंसी स्तर पर डिलीवरी प्रभावित हो रही है।
फ्रॉड होने पर यहां करें संपर्क
- साइबर क्राइम हेल्पलाइन: 1930
- हेल्पलाइन नंबर: 9479990636
- वेबसाइट: www.cybercrime.gov.in
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या संदेश की तुरंत सूचना दें, ताकि साइबर अपराधियों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
