(आचार्य नारायण वैष्णव)
इंदौर। पेट्रोल-डीजल की कथित कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच इंदौर संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने बुधवार को संभाग के सभी कलेक्टरों तथा तेल कंपनियों के वितरकों के साथ समीक्षा बैठक कर स्थिति स्पष्ट की। बैठक में साफ किया गया कि इंदौर संभाग में ईंधन का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक घबराहट में ईंधन का भंडारण न करें।संभागायुक्त डॉ. खाड़े ने कहा कि हाल के दिनों में कुछ स्थानों पर पैनिक की स्थिति बनने से पेट्रोल पंपों पर भीड़ बढ़ी है, जबकि वास्तविकता यह है कि कंपनियों के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन और तेल कंपनियां मिलकर सप्लाई चेन को निर्बाध बनाए हुए हैं, इसलिए आम नागरिकों को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।

बैठक में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि उनके डिपो और वितरण केंद्रों पर पर्याप्त भंडार उपलब्ध है तथा नियमित आपूर्ति जारी है। कंपनियों ने नागरिकों से अपील की कि अफवाहों के कारण अनावश्यक भीड़ न लगाएं और सामान्य आवश्यकता के अनुसार ही ईंधन लें।संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि बढ़ती मांग को देखते हुए सप्लाई चेन को और मजबूत किया जाए तथा सभी जिलों में ईंधन की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त स्टॉक बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी स्थान पर कमी की स्थिति न बने।डॉ. खाड़े ने कहा कि वितरक कंपनियां जिला प्रशासन के साथ प्रतिदिन स्टॉक की उपलब्धता साझा करें, जिससे निगरानी व्यवस्था मजबूत रहे। साथ ही पेट्रोल पंपों पर अनाउंसमेंट सिस्टम के माध्यम से उपभोक्ताओं को वास्तविक स्थिति से अवगत कराने को कहा गया, ताकि अफवाहों पर रोक लगाई जा सके।बैठक में यह भी निर्देश दिए गए कि किसी भी प्रकार की ब्लैक मार्केटिंग या कृत्रिम कमी पैदा करने की कोशिश करने वाले डीलरों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि ईंधन की कृत्रिम कमी पैदा करने या अधिक दाम वसूलने की शिकायत मिलने पर सख्त कार्रवाई होगी।
संभागायुक्त ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सामान्य दिनों की तरह ईंधन की उपलब्धता बनी हुई है। वाहनों के अतिरिक्त पेट्रोल-डीजल का भंडारण न करें, क्योंकि इससे कृत्रिम दबाव बनता है और अन्य लोगों को परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।बैठक में विभिन्न जिलों के कलेक्टरों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की स्थिति से अवगत कराया और बताया कि अधिकांश स्थानों पर ईंधन की आपूर्ति सामान्य है। बैठक में कलेक्टर नेहा मीना तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जितेन्द्र सिंह चौहान सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अफवाहों से बचें, घबराहट न फैलाएं और जरूरत के अनुसार ही ईंधन लें। आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और नागरिकों को किसी भी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
