दमोह, 14 मई 2026 / भारतीय जनता पार्टी जिला दमोह की जिला कोर कमेटी एवं मासिक जिला बैठक का आयोजन गुरुवार को भाजपा जिला कार्यालय दमोह में किया गया। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, मंडल एवं बूथ स्तर की कार्ययोजना, आगामी कार्यक्रमों तथा संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला कोर कमेटी की बैठक में प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा दमोह जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार विशेष रूप से शामिल हुए। इसके अलावा भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे, जिला प्रभारी एवं प्रदेश मंत्री अर्चना सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, विधायक जयंत मलैया, सांसद राहुल सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, विधायक उमादेवी खटीक तथा पूर्व जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह लोधी सहित संगठन और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।
बैठक में जिले से जुड़े विभिन्न संगठनात्मक विषयों पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की गई।
मासिक जिला बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश महामंत्री एवं संभाग प्रभारी गौरव रणदिवे तथा जिला प्रभारी अर्चना सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने संगठन की कार्यप्रणाली, मंडल प्रवास, बूथ सशक्तिकरण और कार्यकर्ता संपर्क अभियान पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
प्रदेश महामंत्री गौरव रणदिवे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन लगातार विस्तार और मजबूती की दिशा में कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन की मंशा के अनुरूप सभी जिला पदाधिकारी एवं मंडल प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित प्रवास करेंगे तथा मंडल, बूथ और जिला स्तर पर मासिक बैठकों का आयोजन लगातार किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर सक्रिय संगठन ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और कार्यकर्ताओं के निरंतर संपर्क एवं संवाद से संगठन को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी कार्यक्रमों और अभियान को गंभीरता और सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
जिला प्रभारी अर्चना सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण पर आधारित होती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और बूथ स्तर तक निरंतर संपर्क बनाए रखना आवश्यक है।
बैठक में संगठनात्मक विस्तार, सदस्यता अभियान, मंडल बैठकों, सोशल मीडिया गतिविधियों एवं आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों में प्रदेश महामंत्री किसान मोर्चा गोपाल पटेल, पिछड़ा वर्ग मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राम पटेल, संभाग प्रभारी सोशल मीडिया अंशुल परिहार, जिला महामंत्री अरुण तिवारी, रामेश्वर चौधरी एवं महेश पटेल सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आगामी संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा तय करते हुए कार्यकर्ताओं को विभिन्न जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
