दमोह, 29 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की महत्वाकांक्षी पहल मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को बटियागढ़ में शिविर आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना तथा ऐसे नागरिकों की समस्याओं का निराकरण करना है, जो पात्र होने के बावजूद किसी कारण से योजनाओं के लाभ से वंचित रह गए हैं।
शिविर में प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से विभिन्न योजनाओं के हितलाभ पात्र लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। शिविरों में नागरिकों से आवेदन प्राप्त कर उन्हें पात्रतानुसार अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत दमोह जिले में कुल 23 शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक विकासखंड में औसतन तीन शिविर आयोजित कर शासन की योजनाओं की पहुंच आमजन तक सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मूल उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति शासकीय योजना के लाभ से वंचित न रहे। इसी क्रम में बटियागढ़ जनपद पंचायत की 33 ग्राम पंचायतों को अभियान में शामिल किया गया। जिला एवं ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की टीमों ने संबंधित ग्राम पंचायतों में पहुंचकर स्कूल, आंगनवाड़ी केंद्र और शासकीय कार्यालयों का निरीक्षण किया तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की जानकारी ली।कलेक्टर ने कहा कि निरीक्षण के दौरान यह देखा गया कि शासन की योजनाओं का लाभ वास्तविक रूप से ग्रामीणों तक पहुंच रहा है या नहीं और किन स्थानों पर सुधार की आवश्यकता है। संबंधित अधिकारियों को कमियों को दूर करने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
शिविर में मिलीं विभिन्न सेवाएं
बटियागढ़ में आयोजित शिविर में आधार कार्ड अपडेशन, ई-केवाईसी, स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी तथा मध्यप्रदेश विकास पोर्टल से संबंधित टोकन सहित विभिन्न सेवाओं के स्टॉल लगाए गए। बड़ी संख्या में नागरिकों ने शिविर में पहुंचकर इन सेवाओं का लाभ लिया।कलेक्टर ने शिविर में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक कार्रवाई कराई। जिन मामलों में समय अथवा स्थल निरीक्षण की आवश्यकता थी, उनका समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खराब सड़कों को लेकर कलेक्टर सख्त
अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों पर खराब सड़कों की जानकारी सामने आने पर कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने एमपीआरडीसी, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तथा जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक सुधार कराने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में जहां तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है, वहां रिपेयरिंग कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। उन्होंने बरसात समाप्त होने के बाद सड़कों को बेहतर स्थिति में लाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
मोठा स्कूल में बच्चों को टाट-पट्टी पर बैठा देख दिए फर्नीचर के निर्देश
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बटियागढ़ विकासखंड के ग्राम मोठा और फुटेरा कला का औचक निरीक्षण किया। ग्राम मोठा में प्राथमिक शाला के निरीक्षण के दौरान बच्चे टाट-पट्टी पर बैठे मिले। इस पर कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्कूल में बच्चों के लिए आवश्यक फर्नीचर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।इसके बाद उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं और बच्चों से संबंधित सुविधाओं की जानकारी ली।
पंचायत सचिव के निलंबन के निर्देश
ग्राम फुटेरा कला में कलेक्टर के अचानक पहुंचने पर ग्रामीणों ने पंचायत सचिव दामोदर की शिकायत की। ग्रामीणों का आरोप था कि सचिव नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित नहीं होते, जिसके कारण उनके जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को पंचायत सचिव के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए।
आंगनवाड़ी में मीनू के अनुसार भोजन नहीं मिलने पर समूह हटाने के निर्देश
फुटेरा कला के आंगनवाड़ी केंद्र के निरीक्षण के दौरान बच्चों को निर्धारित मीनू के अनुसार भोजन नहीं दिए जाने की स्थिति सामने आई। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पंचायत सीईओ को संबंधित स्व-सहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने आंगनवाड़ी के बच्चों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई और केंद्र की व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा बच्चों को केले वितरित किए।
सीएचओ का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश
ग्राम फुटेरा के उप-स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान सीएचओ संगीता लोधी निर्धारित समय पर केंद्र में उपस्थित नहीं मिलीं। निरीक्षण में ओपीडी रजिस्टर में भी आवश्यक प्रविष्टियां नहीं पाई गईं।कलेक्टर ने इसे लापरवाही मानते हुए सीएचओ संगीता लोधी का तीन दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए।
स्कूल के अनुपस्थित लिपिक पर भी कार्रवाई
कलेक्टर ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय फुटेरा का निरीक्षण कर लैब भवन और शैक्षणिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सहायक ग्रेड-2 राजेंद्र सिंह राजपूत अनुपस्थित पाए गए।इस पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी को उनके संलग्नीकरण को समाप्त करने तथा पूर्व दिनों की उपस्थिति की जांच कराने के निर्देश दिए।
नल-जल योजना से प्रभावित सड़क सुधारने के निर्देश
ग्राम फुटेरा कला में नल-जल योजना के कार्य के बाद सड़क का समुचित सुधार नहीं होने की शिकायत सामने आई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सड़क का आवश्यक सुधार कराने के सख्त निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो।ग्रामीणों की मांग पर ग्राम फुटेरा में करीब 25 लाख रुपये की लागत से लगाए गए वाटर फिल्टर को भी तत्काल सुधार कराने के निर्देश दिए गए।
हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ वितरित
बटियागढ़ में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के शिविर में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र एवं हितलाभ प्रदान किए गए।उद्यानिकी विभाग की प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के तहत ग्राम सकतपुर के कृषक मनोहर पटेल को दाल मिल यूनिट स्थापित करने के लिए 25 लाख 5 हजार 850 रुपये की परियोजना लागत पर 8 लाख 77 हजार 47 रुपये के अनुदान का प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।इसी योजना के तहत बटियागढ़ निवासी कृषक गोविंद यादव को डेयरी उद्योग स्थापित करने के लिए 6 लाख 100 रुपये की लागत पर 2 लाख 10 हजार 35 रुपये के अनुदान का स्वीकृति पत्र दिया गया।मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत अंगद सिंह लोधी को इलेक्ट्रिक दुकान स्थापित करने के लिए भारतीय स्टेट बैंक की खड़ेरी शाखा से 2 लाख रुपये की ऋण राशि उपलब्ध कराई गई। वहीं योगेश जैन को हार्डवेयर दुकान स्थापित करने के लिए एसबीआई बटियागढ़ शाखा द्वारा 10 लाख रुपये की ऋण राशि का हितलाभ प्रदान किया गया।कार्यक्रम के दौरान विकासखंड बटियागढ़ के आठ किसानों को पावर स्प्रेयर पंप वितरित किए गए। इसके अलावा लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत भी हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर और मैदानी निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने एक ओर जहां पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया, वहीं दूसरी ओर शासकीय संस्थाओं में लापरवाही और व्यवस्थागत कमियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश देकर अधिकारियों-कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर रहने का संदेश दिया।
