परिजनों को बंधाया ढांढस, कहा—इलाज में नहीं होगी कोई कमी; डॉक्टरों को 24 घंटे निगरानी और सर्वोत्तम उपचार के निर्देश
सागर। बंडा में अवैध जहरीली शराब के मामले के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (BMC) पहुंचे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों में भर्ती पीड़ितों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें ढांढस बंधाया।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रत्येक मरीज के पास पहुंचकर उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पीड़ितों के परिजनों से कहा कि “चिंता मत करिए, सरकार हर स्थिति में आपके साथ खड़ी है।” मुख्यमंत्री ने परिवार के सदस्यों और उनकी स्थिति के बारे में भी जानकारी ली।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने BMC के प्रभारी डीन, अधीक्षक और वरिष्ठ चिकित्सकों को पीड़ितों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए। आवश्यक दवाओं, जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता के साथ मरीजों की 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल प्रबंधन से पीड़ितों के उपचार की लगातार समीक्षा करने और जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उपलब्ध कराने को कहा, ताकि मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
मुख्यमंत्री के साथ इस दौरान दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, रहली विधायक गोपाल भार्गव, खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लोधी, बीना विधायक निर्मला सप्रे, देवरी विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, महापौर संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, कमिश्नर दिलीप कुमार, डीआईजी एसएस चौहान, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, प्रभारी डीन डॉ. अमर गंगवानी, अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. सौरभ जैन सहित चिकित्सक, मेडिकल स्टाफ और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बंडा में जहरीली शराब की घटना के बाद सरकार और प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। मुख्यमंत्री के BMC दौरे से पीड़ित परिवारों को उपचार और सरकारी सहायता को लेकर भरोसा मिलने का संदेश गया है।
