बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र की घटना पर तत्काल जांच के निर्देश, 7 शराब दुकानों को एहतियातन किया गया सील
भोपाल/सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में कथित जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों के मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घटना को अत्यंत दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रभारी मंत्री एवं अधिकारियों को तत्काल जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा है कि मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अधिकारियों को पूरे मामले की गंभीरता से जांच करने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने प्रभावित क्षेत्र में राहत, उपचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने ली घटना की जानकारी
मामले को लेकर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा ने भी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में जांच के साथ-साथ पीड़ितों को आवश्यक राहत और अस्पताल में भर्ती मरीजों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने अधिकारियों और पुलिस अधीक्षक से घटना की जानकारी लेने की बात कही। देवड़ा ने कहा कि घटना में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी भी दोषी को छोड़ा नहीं जाएगा।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
सागर जिले के बंडा ब्लॉक के ग्राम नौराज और गूगरा खुर्द में शराब सेवन के बाद हुई मौतों की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया।अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली और अस्पताल में भर्ती मरीजों के उपचार एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
7 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश
प्रशासन ने प्रारंभिक तौर पर एहतियातन क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील कर दिया है। साथ ही संबंधित शराब और अन्य सामग्री के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौतों की वास्तविक वजह क्या है और इसमें कौन लोग जिम्मेदार हैं।
लक्षण दिखाई देने पर तत्काल अस्पताल पहुंचने की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से भी सतर्क रहने की अपील की है। जिन लोगों ने हाल ही में शराब का सेवन किया है और उन्हें उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य किसी प्रकार की परेशानी महसूस हो रही है, वे लापरवाही न बरतें और एहतियात के तौर पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय जांच कराएं।सरकार और प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पूरे मामले की जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
