भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को राजधानी भोपाल के तात्या टोपे स्टेडियम से ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत तिरंगा यात्रा का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले उन्होंने मुख्यमंत्री निवास पर तिरंगा फहराया और हाथ में राष्ट्रीय ध्वज लेकर तिरंगा यात्रा के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री निवास का स्टाफ भी हाथों में तिरंगा लेकर ‘भारत माता की जय’ के जयघोष के साथ मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पैदल समत्व भवन तक पहुंचा। इसके बाद मुख्यमंत्री मोटरसाइकिल पर सवार होकर तात्या टोपे स्टेडियम पहुंचे।
बड़ी संख्या में शामिल हुए लोग
टी.टी. नगर स्टेडियम से शुरू हुई तिरंगा यात्रा में स्कूली बच्चों, एनसीसी कैडेट्स, स्वयंसेवी संगठनों, वरिष्ठ नागरिकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। यात्रा महाराणा प्रताप लोक, टीन शेड और सांदीपनि विद्यालय टी.टी. नगर होते हुए आगे बढ़ी।
इसके बाद मुख्यमंत्री मोटरसाइकिल पर तिरंगा लेकर न्यू मार्केट, रोशनपुरा और पॉलिटेक्निक चौराहा होते हुए मुख्यमंत्री निवास पहुंचे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर लोगों और संस्थाओं ने देशभक्ति गीतों और बैंड की धुनों के बीच पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
14 अगस्त तक चलेगा अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा अभियान’ 9 अगस्त से 14 अगस्त तक प्रदेशभर में चलेगा। गांव, वार्ड, कस्बों और शहरों में तिरंगा यात्राएं एवं विभिन्न देशभक्ति गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने और अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह अभियान देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने नागरिकों से देश की सुरक्षा और सेवा के प्रति प्रतिबद्ध रहने का आह्वान किया।
प्रदेश में बढ़ेगी एयर कनेक्टिविटी
मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ती एयर कनेक्टिविटी को विकास के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि भोपाल को जल्द ही कोलकाता और पटना से नई हवाई सेवाओं के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक फ्लाइट भोपाल से रीवा होते हुए कोलकाता जाएगी, जबकि दूसरी फ्लाइट भोपाल से सीधे पटना को जोड़ेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में प्रदेश में करीब 10 नए एयरपोर्ट विकसित किए जाएंगे, जिससे मध्यप्रदेश में कनेक्टिविटी और विकास को नया आयाम मिलेगा।
