रोगी कल्याण समिति की बैठक में अस्पताल के उन्नयन, सुरक्षा और मरीज सुविधाओं से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मिली मंजूरी
दमोह/जबेरा, 30 मई 2026। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जबेरा में शनिवार को रोगी कल्याण समिति की महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए राज्यमंत्री ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, अधोसंरचना विकास और मरीज सुविधाओं के विस्तार से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक की शुरुआत में बीएमओ डॉ. डी.के. राय ने वित्तीय वर्ष 2025-26 का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया। इसके साथ ही अस्पताल के विकास एवं सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव समिति के समक्ष रखे गए, जिन पर सदस्यों ने विस्तार से विचार-विमर्श किया।
अस्पताल में बढ़ेंगी सुविधाएं, सुधरेगी स्वास्थ्य सेवाएं
बैठक में एक्स-रे मशीन के सीआर स्कैनर प्रिंटर की मरम्मत, अस्पताल परिसर एवं शासकीय भवनों की बाउंड्री वॉल निर्माण, अस्पताल के बाहर सुलभ कॉम्प्लेक्स निर्माण तथा प्रस्तावित नवीन भवन के लिए भूमि चिन्हांकन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा मरीजों की सुविधा के लिए नए स्ट्रेचर और व्हीलचेयर खरीदे जाने, एम्बुलेंस क्रय के बाद बची राशि के उपयोग तथा अतिरिक्त सभा कक्ष निर्माण के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।
मरीजों और परिजनों को मिलेगी बेहतर सुविधा
बैठक में अस्पताल परिसर में मरीजों और उनके परिजनों के लिए पृथक कैंटीन एवं कैफेटेरिया निर्माण का प्रस्ताव भी रखा गया। प्रस्ताव के अनुसार कैंटीन का संचालन ठेके के माध्यम से किया जाएगा, जिससे अस्पताल आने वाले लोगों को स्वच्छ और सुलभ भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं मिल सकें।
साथ ही अस्पताल परिसर में वाहनों की पार्किंग व्यवस्था विकसित करने और पार्किंग शुल्क निर्धारण पर भी विचार किया गया। समिति का मानना है कि सुव्यवस्थित पार्किंग व्यवस्था से अस्पताल परिसर में यातायात और अव्यवस्था की समस्या कम होगी।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी अहम निर्णय
बैठक में अस्पताल परिसर की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चर्चा हुई। अस्पताल में 24 घंटे पुलिसकर्मी की तैनाती सुनिश्चित करने और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के प्रस्ताव पर सकारात्मक सहमति बनी।
इसके अतिरिक्त विधायक निधि से प्राप्त एम्बुलेंस के संचालन और आर्थिक रूप से सक्षम वर्ग से निर्धारित शुल्क लिए जाने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया, ताकि एम्बुलेंस सेवा का प्रभावी संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
जर्जर भवन हटाकर बनेगा नया उपयोगी भवन
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने अस्पताल परिसर में स्थित पुराने और जर्जर भवनों का विशेष रूप से निरीक्षण कर उन्हें हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में खंडहर जैसी स्थिति में पहुंच चुके भवन न केवल अनुपयोगी हैं बल्कि सुरक्षा की दृष्टि से भी जोखिम पैदा करते हैं।
उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे भवनों को हटाकर वहां आधुनिक सुविधाओं से युक्त उपयोगी भवनों का निर्माण कराया जाए, जिससे अस्पताल के विस्तार और मरीज सुविधाओं में वृद्धि हो सके।
मुख्य प्रवेश द्वार पर होगी बेहतर प्रकाश व्यवस्था
राज्यमंत्री ने अस्पताल के मुख्य प्रवेश द्वार पर मरकरी लाइट लगाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन समय में मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा तथा सुरक्षा के लिए अस्पताल परिसर में पर्याप्त रोशनी होना आवश्यक है।
सभी प्रस्तावों पर बनी सहमति
बैठक के दौरान प्रस्तुत अधिकांश महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर समिति सदस्यों द्वारा सहमति व्यक्त की गई। निर्णय लिया गया कि स्वीकृत कार्यों की प्रशासनिक और तकनीकी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर विकास कार्यों को धरातल पर उतारा जाएगा।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि जबेरा अस्पताल क्षेत्र के हजारों लोगों की स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र है। इसे बेहतर सुविधाओं और आधुनिक संसाधनों से सुसज्जित कर आदर्श स्वास्थ्य केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
बैठक में जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों, रोगी कल्याण समिति के सदस्यों तथा स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रही।
