भोपाल/दमोह के साहित्यकार एवं लेखक सत्येंद्र तुलाराम साहू द्वारा लिखित पुस्तक ‘ने करो-13’ का भोपाल में आयोजित भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘मुकेश नाइट 2026’ में विमोचन किया गया। समन्वय भवन, अपेक्स बैंक भोपाल में टीम श्रमश्री एवं मिलन ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह कार्यक्रम सदी के स्वर सम्राट और युगपुरुष स्वर्गीय मुकेश जी के अमर गीतों को समर्पित रहा। संगीत, साहित्य और यादों से सराबोर इस रंगारंग संध्या में पुस्तक ‘ने करो-13’ का विमोचन कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।
पुस्तक का विमोचन कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि डॉ. एल.एन. मालवीय, श्रीमती रोजी उपाध्याय, रामबाबू शर्मा, आर.के. शर्मा, टीआई संदीप अयाची, आशीष दुबे, संतोष चौकसे एवं सुनील गंगवानी के करकमलों से किया गया। इस दौरान उपस्थित अतिथियों एवं साहित्य प्रेमियों ने लेखक सत्येंद्र तुलाराम साहू को पुस्तक के 13वें संस्करण के प्रकाशन पर शुभकामनाएं देते हुए उनके साहित्यिक प्रयास की सराहना की।
लेखक सत्येंद्र तुलाराम साहू ने बताया कि ‘ने करो’ पुस्तक श्रृंखला के माध्यम से समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने और लोगों को नकारात्मक विचारों से बाहर निकलकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पाठकों का स्नेह, सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन ही इस पुस्तक श्रृंखला की सबसे बड़ी ताकत है।
साहू ने कहा कि ‘ने करो’ के प्रथम संस्करण से शुरू हुई यात्रा अब 13वें संस्करण तक पहुंच चुकी है। उन्होंने इस यात्रा को पाठकों के विश्वास, प्रेम और उत्साह का परिणाम बताते हुए कहा कि प्रत्येक संस्करण ने उन्हें आगे लिखने और समाज के बीच सकारात्मक संदेश पहुंचाने के लिए प्रेरित किया है।
उन्होंने कहा, “नकारात्मकता से सकारात्मकता की ओर की इस यात्रा में आप सभी के अपार स्नेह, सच्चे सहयोग और निरंतर प्रोत्साहन ने ‘ने करो’ के प्रथम संस्करण से लेकर बारहवें संस्करण तक की यात्रा को सार्थक और प्रेरणादायक बनाया। अब इसी श्रृंखला की निरंतरता में ‘ने करो-13’ आप सभी के समक्ष प्रस्तुत है। आप सभी के स्नेह, आशीर्वाद और प्रोत्साहन से ही यह प्रयास संभव हो सका है।”
लेखक ने आगे बताया कि यदि पाठकों का स्नेह और प्रोत्साहन इसी तरह मिलता रहा तो बहुत जल्द ‘ने करो-14’ भी पाठकों के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि ‘ने करो-14’ का विमोचन आगामी 26 सितंबर, शनिवार को शाम 7 बजे भोपाल के रविंद्र भवन में स्वर्गीय महेंद्र कपूर की पुण्यतिथि के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में किया जाएगा। इस कार्यक्रम में स्वर्गीय महेंद्र कपूर के पुत्र रोहन कपूर सहित मुंबई से आने वाली फिल्मी हस्तियों के शामिल होने की संभावना है।
मुकेश नाइट 2026 के दौरान स्वर्गीय मुकेश जी के अमर गीतों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को पुरानी यादों से जोड़ दिया। संगीत की सुरमई शाम के बीच साहित्यिक कृति के विमोचन ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। कार्यक्रम में साहित्य, संगीत एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी, आशीष दुबे, संदीप अयाची, गिरिश शर्मा, आर.के. क्रिएशन के आर.के. शर्मा, नील शुक्ला, राजीव वर्मा, दिनेश तिवारी, मोहन नैयर, राजेश तिवारी, दिनेश शर्मा, अरुण श्रीवास्तव एवं गौरव वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
दमोह के लेखक सत्येंद्र तुलाराम साहू की ‘ने करो’ पुस्तक श्रृंखला का 13वें संस्करण तक पहुंचना स्थानीय साहित्य जगत के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। लगातार नए संस्करणों के माध्यम से पाठकों तक सकारात्मक सोच और प्रेरक संदेश पहुंचाने का उनका प्रयास साहित्य के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता की दिशा में भी एक सार्थक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
