भटरिया-खकरिया मार्ग पर पुलिस की घेराबंदी, झाड़ियों में छिपाकर भागे तस्कर; 75 हजार की शराब और 5 लाख की कार जब्त, आरोपियों की तलाश जारी।
तेंदूखेड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध शराब तस्करी पर कसा शिकंजा
दमोह। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत तेंदूखेड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 135 बल्क लीटर अवैध देशी लाल मसाला शराब और परिवहन में प्रयुक्त आई-20 कार जब्त की है। हालांकि पुलिस की घेराबंदी के दौरान आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा श्रीमती अर्चना अहीर के नेतृत्व में की गई।
मुखबिर की सूचना पर बनाई रणनीति
13 जुलाई 2026 को थाना तेंदूखेड़ा पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की आई-20 कार, जिसकी नंबर प्लेट पर “BOSS” लिखा हुआ है, में बड़ी मात्रा में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने तत्काल पुलिस टीम गठित कर भटरिया-खकरिया मार्ग पर घेराबंदी की।
झाड़ियों में छिपाकर भागे आरोपी
पुलिस की मौजूदगी का आभास होते ही आरोपी कार से शराब के कार्टून उतारकर ग्राम खकरिया के समीप झाड़ियों में छिपाकर फरार हो गए। पुलिस ने साक्षियों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कर तलाशी ली, जिसमें झाड़ियों से 15 कार्टून बरामद हुए।
इन कार्टूनों में कुल 750 पाव (135 बल्क लीटर) देशी लाल मसाला शराब मिली, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹75 हजार बताई गई है।
5 लाख की आई-20 कार भी जब्त
तलाशी के दौरान मुखबिर द्वारा बताई गई आई-20 कार (क्रमांक MP20CG1843) भी ग्राम खकरिया से बरामद कर ली गई। पुलिस ने लगभग ₹5 लाख मूल्य की कार को भी जब्त कर लिया।
अवैध शराब एवं वाहन को विधिवत जब्त कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सरोज ठाकुर, प्रधान आरक्षक केवल प्रधान, ब्रजेश तिवारी, रविचंद सेन, आरक्षक विशाल बैन, नंदलाल कुर्मी, शैलेन्द्र बघेल, रणधीर दांगी तथा साइबर सेल के प्रधान आरक्षक राकेश अठ्या की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
