दमोह, 16 अप्रैल / जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत दमोह पुलिस ने जुआ फड़ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लाखों रुपये का मशरूका जब्त किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना दमोह देहात पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ग्राम बिजौरी में दबिश देकर अवैध जुआ संचालित कर रहे 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार जिले के सभी थाना प्रभारियों को जुआ फड़ के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित गौतम के नेतृत्व में थाना दमोह देहात एवं चौकी नरसिंहगढ़ पुलिस टीम ने संयुक्त कार्रवाई की।
>- गौशाला के पीछे चल रहा था जुआ फड़
मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम बिजौरी में गौशाला के पीछे अवैध रूप से जुआ फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां कई लोग जुआ खेलते हुए पाए गए। पुलिस को देखकर कुछ लोग भागने की कोशिश भी करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर 6 आरोपियों को पकड़ लिया।
>3.20 लाख का मशरूका जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से 21,970 रुपये नगद, 52 ताश पत्ते, एक चार्जिंग बल्ब एवं मौके पर खड़ी 5 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त वाहनों सहित कुल मशरूका की कीमत करीब 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
>गिरफ्तार आरोपी
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें—
शैलेन्द्र रैकवार (23) निवासी लोको दमोह
रोहन विश्वकर्मा (20) निवासी कचौरा दमोह
अभिषेक पाण्डेय (22) निवासी सागरनाका, दमोह देहात
राजू रैकवार (54) निवासी फुटेरा वार्ड क्रमांक 05, दमोह
महेन्द्र लोधी (36) निवासी ग्राम किन्द्रहो, थाना पथरिया
मदन रैकवार (34) निवासी बजरिया वार्ड क्रमांक 04, थाना कोतवाली, दमोह
>जुआ एक्ट के तहत मामला दर्ज-
पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध थाना दमोह देहात में जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
> पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अमित गौतम, चौकी प्रभारी नरसिंहगढ़ उपनिरीक्षक अभिषेक पटेल सहित पुलिस बल के कई अधिकारी और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा की गई है।
*>लगातार जारी रहेगा अभियान-
दमोह पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा एवं अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
