सीएसपी एच.आर. पांडे ने प्रेस वार्ता में दी जानकारी, थाना प्रभारी मनीष कुमार व चौकी प्रभारी राकेश पाठक की टीम की सराहना

दमोह/ सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया है। बरामद किए गए जेवरात व मोबाइल की कुल कीमत करीब 3 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों ने टीम की सराहना करते हुए पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।रविवार 5 अप्रैल को सिटी कोतवाली दमोह में आयोजित प्रेस वार्ता में नगर पुलिस अधीक्षक एच.आर. पांडे ने मामले का खुलासा करते हुए विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय पत्रकारों के सवालों के जवाब भी दिए। सीएसपी पांडे ने बताया कि चोरी की घटना की सूचना मिलते ही थाना स्तर पर विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। थाना प्रभारी मनीष कुमार एवं चौकी प्रभारी राकेश पाठक के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों से पूछताछ, मुखबिर तंत्र सक्रिय करने तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई।
उन्होंने कहा कि 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार करना और चोरी गए माल को सुरक्षित बरामद करना निश्चित रूप से सराहनीय कार्य है। यह कार्रवाई पुलिस की तत्परता और टीम वर्क को दर्शाती है। सीएसपी पांडे ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी कार्रवाई से अपराधियों में पुलिस का खौफ बढ़ता है और आमजन में विश्वास मजबूत होता है।पुलिस के अनुसार नूरीनगर निवासी नर्सिंग कुरैशी ने 3 अप्रैल को सिटी कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 1 अप्रैल की रात परिवार सहित एक समारोह में शामिल होने बाहर गया था। 3 अप्रैल को वापस लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अंदर कमरे की अलमारी भी क्षतिग्रस्त अवस्था में पाई गई। अलमारी में रखे जेवरात व मोबाइल गायब थे। जांच करने पर करीब 851 ग्राम चांदी के जेवर, 4 ग्राम सोने के जेवर और एक मोबाइल फोन चोरी होना पाया गया। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 16 हजार रुपये आंकी गई।
मामले में अपराध दर्ज कर पुलिस ने तत्काल विवेचना शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने संदेह के आधार पर नूरीनगर निवासी परवेज कुरैशी (26) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने टालमटोल किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने चोरी करना स्वीकार कर लिया।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया। बरामद सामान में चांदी के जेवर, सोने के जेवर और मोबाइल फोन शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
बरामदगी
- चांदी के जेवर करीब 851 ग्राम
- सोने के जेवर करीब 4 ग्राम
- एक मोबाइल फोन
- कुल कीमत करीब 3.16 लाख रुपये
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है तथा रात्री गश्त को भी प्रभावी बनाया गया है। आमजन से भी अपील की गई है कि घर से बाहर जाते समय सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।24 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करने और पूरा माल बरामद करने वाली टीम की सराहना करते हुए वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा पुरस्कृत करने की घोषणा की गई है।
