दतिया,/विधानसभा उप निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन प्रशासन लगातार तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मंगलवार को न्यू कलेक्ट्रेट कार्यालय के सभाकक्ष में अतिरिक्त बैलेट यूनिट का द्वितीय अतिरिक्त रेंडमाइजेशन तथा मतदान कर्मियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत संपन्न कराया गया।
रेंडमाइजेशन की पूरी प्रक्रिया सामान्य प्रेक्षक विजय भारती एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर स्वप्निल वानखड़े की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
निर्वाचन अधिकारियों ने बताया कि मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त बैलेट यूनिट का द्वितीय रेंडमाइजेशन किया गया। इससे किसी भी मतदान केंद्र पर आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त बैलेट यूनिट उपलब्ध कराई जा सकेगी और मतदान प्रक्रिया बिना किसी बाधा के जारी रहेगी।
बैठक के दौरान निर्वाचन अधिकारियों ने रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी तथा विधानसभा उपचुनाव की तैयारियों की समीक्षा भी की। अधिकारियों ने बताया कि निर्वाचन आयोग के प्रत्येक दिशा-निर्देश का कड़ाई से पालन किया जा रहा है, ताकि मतदान पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और विश्वसनीय तरीके से संपन्न हो सके।
इसी क्रम में दतिया विधानसभा उप निर्वाचन-2026 के लिए नियुक्त मतदान कर्मियों का द्वितीय रेंडमाइजेशन भी सम्पन्न कराया गया। रेंडमाइजेशन के बाद मतदान दलों को उनके दायित्वों की जानकारी दी गई तथा उन्हें मतदान प्रक्रिया की बारीकियों, ईवीएम एवं वीवीपैट संचालन, मतदान दिवस की व्यवस्थाओं, मतदाता सुविधा, आचार संहिता के पालन तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान कर्मियों से कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी चुनाव आयोग के प्रतिनिधि के रूप में कार्य करेगा। ऐसे में सभी मतदान दल निष्पक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पर मतदाताओं का विश्वास और अधिक मजबूत हो।
कार्यक्रम में उप जिला निर्वाचन अधिकारी भूपेन्द्र सिंह कुशवाहा, रिटर्निंग अधिकारी सोनाली राजपूत, प्रभारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुरभि जैन सहित निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारी, मास्टर ट्रेनर्स एवं अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन प्रशासन का कहना है कि दतिया विधानसभा उपचुनाव को पूरी तरह स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। चुनाव प्रक्रिया के प्रत्येक चरण पर भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन पूरी गंभीरता और सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है।
