पेंशनरों की समस्याओं को लेकर प्रदेश एवं जिला स्तर पर व्यापक आंदोलन की आवश्यकता पर दिया जोर
दमोह। मध्यप्रदेश पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष आरके मिश्रा को प्रांतीय उपाध्यक्ष तथा कार्यवाहक अध्यक्ष एमएल सरैया को प्रांतीय महामंत्री नियुक्त कर सागर एवं रीवा संभाग का प्रभार सौंपे जाने पर दमोह में स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। प्रमुख पेंशनर एसोसिएशन दमोह एवं पेंशनर्स संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष स्वामी अशोक तिवारी के आह्वान पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न पेंशनर संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोनों नवनियुक्त प्रांतीय पदाधिकारियों का स्वागत कर शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का संचालन सी. जैन ने किया। समारोह में कमल सिंघई, स्वामी अशोक तिवारी, कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश असाटी, बृजमोहन सिंह ठाकुर, एचएन श्रीवास्तव, पुलिस पेंशनर संघ के अध्यक्ष धन सिंह राजपूत, राजकिशोर सेन, प्रमुख पेंशनर संघ के महामंत्री रमाकांत पाठक एवं यूसी जैन सहित अनेक वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।वक्ताओं ने आरके मिश्रा एवं एमएल सरैया को प्रांतीय स्तर पर महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मध्यप्रदेश पेंशनर्स समाज के प्रांताध्यक्ष डीपी दुबे के प्रति आभार जताया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नए दायित्वों के माध्यम से पेंशनरों की समस्याओं को शासन के समक्ष अधिक प्रभावी ढंग से रखा जा सकेगा।
पेंशनरों की समस्याओं पर व्यापक आंदोलन की आवश्यकता
समारोह में पेंशनरों की विभिन्न समस्याओं पर गंभीर चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश के पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण के लिए सभी पेंशनर संगठनों को एकजुट होकर संयुक्त मोर्चे के माध्यम से प्रयास करना चाहिए।उन्होंने भोपाल स्तर पर प्रदेशव्यापी आंदोलन तथा जिला स्तर पर पेंशनरों की स्थानीय समस्याओं को लेकर व्यापक आंदोलन की आवश्यकता बताई। वक्ताओं का कहना था कि संगठित प्रयासों से ही पेंशनरों की लंबित मांगों को शासन के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सकता है।
महंगाई राहत में देरी और एरियर नहीं मिलने पर जताई नाराजगी
कार्यक्रम में केंद्र एवं राज्य के पेंशनरों को महंगाई राहत स्वीकृत किए जाने की तिथियों में अंतर और बाद में एरियर का भुगतान नहीं किए जाने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।वक्ताओं ने महंगाई राहत की अलग-अलग तिथियों को पक्षपातपूर्ण बताते हुए इसे प्राकृतिक न्याय की भावना के विपरीत बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य के कर्मचारी और पेंशनर एक ही बाजार से अपनी आवश्यक वस्तुएं खरीदते हैं तथा महंगाई का प्रभाव सभी पर पड़ता है। ऐसे में महंगाई राहत की स्वीकृति अलग-अलग तिथियों से क्यों की जाती है? वक्ताओं ने राहत की देरी से स्वीकृति के साथ एरियर का भुगतान नहीं किए जाने पर भी नाराजगी व्यक्त की।
पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण का दिया आश्वासन
अपने संबोधन में आरके मिश्रा एवं एमएल सरैया ने सभी पेंशनर संगठनों और उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पेंशनरों ने जिस विश्वास के साथ उन्हें दायित्व सौंपे हैं, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे। पेंशनरों की समस्याओं को शासन के समक्ष मजबूती से रखने तथा उनके निराकरण के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर मध्यप्रदेश पेंशनर्स समाज के अध्यक्ष आरके मिश्रा ने कर्मचारी महासंघ के पूर्व अध्यक्ष दिनेश असाटी को मध्यप्रदेश पेंशनर्स समाज का महामंत्री बनाए जाने की घोषणा भी की।कार्यक्रम में पीएन अहिरवार, सबूलाल पटेल, नन्हे भाई पटेल, चंद्रवीर सिंह राजपूत, आरपी शुक्ला, रामकिशोर पांडे, विमल कुमार वैष्णव, रोहिणी गौतम सहित अनेक पेंशनर उपस्थित रहे।अंत में सुशील जैन ‘विद्यार्थी’ ने उपस्थित सभी पेंशनर संगठनों एवं उनके सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
