दमोह जिले में अवैध शराब के विरुद्ध पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया एवं एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी के मार्गदर्शन में हिण्डोरिया थाना पुलिस ने महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।अभियान के तहत सक्रिय मुखबिर तंत्र से मिली सूचना पर पुलिस टीम ने ग्वारी खेर माता मंदिर के पास मुख्य मार्ग पर घेराबंदी की। इस दौरान कादीपुर की ओर से आ रही एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर बाइक सवार दो युवक चादरों में लिपटा सामान छोड़कर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अमित पिता धर्मेन्द्र सिंह लोधी (24 वर्ष), निवासी हिण्डोरिया बताया। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम गौरव ठाकुर निवासी हिण्डोरिया बताया।जब्त किए गए सामान की तलाशी लेने पर लाल एवं काले रंग की चादरों में बंधे कुल 7 कार्टन मिले, जिनमें देशी मसाला एवं प्लेन शराब के कुल 350 पाव (करीब 63 लीटर) पाए गए। शराब की कीमत लगभग 36,500 रुपये आंकी गई है। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त बिना नंबर की काले रंग की होंडा साइन मोटरसाइकिल (कीमत लगभग 40,000 रुपये) भी जब्त की गई। कुल जब्ती 76,500 रुपये की बताई गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि यह शराब ग्राम महतपुर तक पहुंचाई जा रही थी, जिसे मुडिया स्थित शासकीय शराब दुकान से प्राप्त किया गया था।आरोपी अमित लोधी के खिलाफ थाना हिण्डोरिया में अपराध क्रमांक 142/26 के तहत धारा 34(2), 42 आबकारी एक्ट एवं 130/177(3) मोटर व्हीकल एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं फरार आरोपी गौरव ठाकुर एवं संबंधित शराब दुकान के गढ़ीदार की तलाश जारी है।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र उपाध्याय सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की सराहनीय भूमिका रही।
