इंदौर /प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें संस्करण का रविवार सुबह आकाशवाणी से प्रसारण किया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने इंदौर प्रवास के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई इंटरनेशनल एयरपोर्ट परिसर में कार्यक्रम का श्रवण किया। इस दौरान प्रधानमंत्री श्री मोदी ने विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चा करते हुए देशवासियों को एकजुट रहने का संदेश दिया।प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में उत्पन्न हालातों के संदर्भ में कहा कि देश को हर चुनौती का सामना एकजुट होकर करना होगा। उन्होंने इस विषय पर राजनीति करने से बचने की अपील करते हुए कहा कि यह 140 करोड़ देशवासियों के हित से जुड़ा विषय है, इसमें राजनीति का कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने अफवाहों से सावधान रहने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की भी अपील की।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश ने पहले भी अनेक संकटों का सामना सामूहिक शक्ति से किया है और इस बार भी हम सब मिलकर कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलेंगे। उन्होंने नागरिकों से जागरूक रहने और किसी के बहकावे में न आने का आग्रह किया।
जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम के दौरान नगरीय विकास एवं आवास तथा संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, लोकसभा सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्पमित्र भार्गव, पूर्व मंत्री एवं विधायक उषा ठाकुर, विधायक मालिनी गौड़, मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, मनोज पटेल, गोलू शुक्ला, जिलाध्यक्ष सुमित मिश्रा सहित संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर शिवम वर्मा एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने बताया प्रेरणादायक कार्यक्रम
कार्यक्रम के पश्चात मीडिया से चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘मन की बात’ प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा देशवासियों से सीधे संवाद का सशक्त माध्यम है। यह कार्यक्रम विकास, नवाचार और जनकल्याण के कार्यों के साथ-साथ गैर-राजनीतिक विषयों को सामने लाकर देश में सौहार्द, भाईचारे और एकजुटता का सकारात्मक संदेश देता है।
मुख्यमंत्री ने ‘मन की बात’ के माध्यम से देश को प्रेरित करने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
