जबलपुर/ राइट टाउन इलाके में ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां ‘गड़ा धन’ के नाम पर एक व्यक्ति ने पिता-पुत्र को अपने झांसे में लेकर 60 लाख रुपये ठग लिए। आरोपी ने पहले सहानुभूति हासिल की, फिर असली सोने का सिक्का दिखाकर भरोसा जीता और बाद में नकली सोना देकर फरार हो गया।जानकारी के अनुसार वीरेंद्र प्रजापति उर्फ सोनू नामक व्यक्ति करीब दो महीने पहले पीड़ित पिता-पुत्र के कार्यालय पहुंचा। उसने खुद को बेहद गरीब बताते हुए मदद की गुहार लगाई। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने पर उसने अपने गांव में भारी मात्रा में ‘गड़ा धन’ मिलने की कहानी सुनाई और सोना बेचने की इच्छा जताई।
असली सिक्का देकर जीता भरोसा
- आरोपी ने भरोसा जीतने के लिए सोने का एक सिक्का दिया
• जांच कराने पर सिक्का असली निकला
• आरोपी ने दावा किया कि उसके पास 5 किलो सोना है
• 15 लाख रुपये प्रति किलो के हिसाब से सौदा तय
• आरोपी ने रमादेवी, पन्नालाल और धर्मेंद्र को परिवार बताकर शामिल किया
नकली सोना देकर 60 लाख की ठगी
- ठगों ने धातु की ईंटें देकर 50 लाख रुपये लिए
• 1 अप्रैल को दोबारा संपर्क कर 10 लाख और ऐंठे
• कुल 60 लाख रुपये देने के बाद हुआ शक
• जांच में सोना नहीं, पीतल निकला
• आरोपी पैसे लेकर फरार हो गए
धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ितों ने पुलिस से शिकायत की। शनिवार को जबलपुर अपराध शाखा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए वीरेंद्र प्रजापति उर्फ सोनू और उसके कथित परिवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से फर्जी परिवार का नाटक रचा था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ‘गड़ा धन’, सस्ता सोना या अचानक बड़े लाभ के लालच में आने से बचें। ऐसे मामलों में अक्सर ठग असली नमूना दिखाकर बाद में नकली माल थमा देते हैं।
