दमोह। जिले के सबसे बड़े शासकीय जिला चिकित्सालय परिसर में 18 और 19 मार्च की दरमियानी रात्रि करीब 2:00 बजे दो युवकों के बीच हुआ विवाद अचानक बढ़ गया और मामला अस्पताल के अंदर तक पहुंच गया। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।जानकारी के मुताबिक, अस्पताल परिसर स्थित साइकिल स्टैंड के पास दोनों युवकों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। विवाद करते-करते दोनों युवक जिला चिकित्सालय के भीतर घुस गए, जिससे वहां मौजूद मरीजों और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस चौकी का एक आरक्षक मौके पर पहुंचा और युवकों को समझाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान एक युवक ने पुलिसकर्मी के साथ झूमाझटकी शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए धमकियां देने लगा। वायरल वीडियो में युवक खुद को “सनी खान” बताते हुए नजर आ रहा है।घटना के संबंध में डॉक्टर डॉ. चक्रेश चौधरी ने बताया कि दोनों युवक पहले साइकिल स्टैंड के पास झगड़ रहे थे और बाद में अस्पताल के अंदर आ गए। उन्होंने कहा कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर इस प्रकार की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं।
काफी देर तक चले इस हंगामे के दौरान एक पुलिस आरक्षक अकेले ही युवक को काबू में करने की कोशिश करता नजर आया। बाद में पुलिस दोनों युवकों को अपने साथ बाहर ले गई।अस्पताल परिसर में इस तरह के असामाजिक तत्वों की आवाजाही से जहां डॉक्टरों और स्टाफ को परेशानी होती है, वहीं मरीजों और उनके परिजनों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जरूरी है, ताकि अस्पताल परिसर में शांति और सुरक्षा बनी रहे।फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
