इंदौर। चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक कारखाने में लगी लिफ्ट ओवरलोड होने से अचानक टूट गई। दूसरी मंजिल से नीचे गिरने के कारण उसमें सवार महिलाएं और बच्चे घायल हो गए। हादसे में करीब 12 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को पहले निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, बाद में अस्पताल से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई। डॉक्टरों के अनुसार कई महिलाओं के हाथ-पैर में फ्रैक्चर आया है।जानकारी के अनुसार घटना राजकुमार (बांक) क्षेत्र स्थित बबलू उर्फ मोहम्मद शरीफ के चूल्हा-भट्टी कारखाने की है। यहां बबलू के भाई मोहम्मद खलील की बेटी आयशा की शादी का कार्यक्रम रखा गया था। छुट्टी होने के कारण मेहमानों और दुल्हन को कारखाने में ही ठहराया गया था। दुल्हन दूसरी मंजिल पर थी और महिलाएं उससे मिलने ऊपर गई थीं।
बताया जा रहा है कि लौटते समय करीब 12 महिलाएं और बच्चे एक साथ लिफ्ट में बैठ गए। लिफ्ट सामान ढोने के लिए बनाई गई थी और उसमें भार क्षमता सीमित थी। क्षमता से अधिक वजन होने के कारण लिफ्ट अचानक टूट गई और सभी लोग नीचे गिर गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल महिलाएं दर्द से कराहती हुई लिफ्ट के पास फंसी रहीं। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें बाहर निकाला गया।
घायलों को पहले दशहरा मैदान के सामने स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, बाद में उन्हें जवाहर मार्ग स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर एएसआई रमेश सोलंकी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।पुलिस के अनुसार हादसे में आशमा बी पत्नी मोहम्मद शरीफ निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी, आशमा पत्नी इशरार अहमद निवासी नूरानी नगर, शहनाज बी, नजमा बी सहित 12 वर्षीय मंतेश, अर्शील, जैनब, अफसाना, निखित फातिमा, नूरैन और अमीरा घायल हुए हैं।
टीआई तिलक करोले के मुताबिक प्रारंभिक जांच में कारखाना संचालक की लापरवाही सामने आई है। लिफ्ट गैस भट्टी का सामान ऊपर-नीचे ले जाने के लिए लगाई गई थी, लेकिन शादी कार्यक्रम के दौरान उसी लिफ्ट में लोगों को बैठाया जा रहा था। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।पुलिस के अनुसार कारखाना संचालक ने घटना को छुपाने की कोशिश भी की। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर डॉक्टरों को बताया गया कि सभी परिजन हैं। अस्पताल स्टाफ को मामला संदिग्ध लगा और उन्होंने चंदन नगर थाने को सूचना दे दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई।फिलहाल घायल बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कारखाना संचालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
