दमोह/पथरिया, 29 मार्च। दमोह जिले के पथरिया नगर में रविवार 29 मार्च को पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब के खिलाफ दबिश दी। रेलवे पुलिया के पास स्थित एक मकान में पुलिस ने छापा मारकर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान मकान के अंदर और परिसर में सैकड़ों पेटियां शराब की मिलीं। वहीं मकान के भीतर खड़ी एक फोरव्हीलर वाहन में भी बड़ी संख्या में शराब की पेटियां लदी हुई पाई गईं, जिसे देखकर पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए मौके पर ही जांच शुरू कर दी।
पुलिस को मौके से शराब की बोतलों के ढक्कन, लेबल और पैकिंग से जुड़ी अन्य सामग्री भी बड़ी मात्रा में मिली है। इससे आशंका जताई जा रही है कि यहां अवैध रूप से शराब की पैकिंग कर क्षेत्र में सप्लाई की तैयारी की जा रही थी। सूत्रों की मानें तो पुलिस ने मौके से करीब 400 से 500 पेटी अवैध शराब जब्त की है। हालांकि पुलिस द्वारा अंतिम आंकड़ा कार्रवाई पूरी होने के बाद ही जारी किया जाएगा।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी गई। पुलिस मकान के अंदर मौजूद कमरों, स्टोर और वाहनों की बारीकी से तलाशी ले रही है। समाचार लिखे जाने तक पुलिस की कार्रवाई जारी थी और आसपास के क्षेत्र में भी पूछताछ की जा रही थी।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दमोह पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीत सिंह भदौरिया के निर्देशन में की जा रही है। वहीं पथरिया थाना प्रभारी अमित गौतम के मार्गदर्शन में पुलिस टीम मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई को अंजाम दे रही है। पुलिस द्वारा जब्त शराब को वाहन में भरकर थाने ले जाने की तैयारी भी की जा रही है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि अवैध शराब को बड़ी मात्रा में संग्रहित कर आसपास के क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस अब शराब के स्रोत, परिवहन और इसमें शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कार्रवाई पूरी होने के बाद जब्त शराब की गिनती, वाहन की जांच और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है और कार्रवाई लगातार जारी है।
