जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के जबलपुर मंडल में कार्यरत रेल कर्मचारियों के लिए प्रशासनिक प्रक्रिया को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं डिजिटल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। अब मंडल के स्टेशन, डिपो और विभिन्न विभागों में कार्यरत कर्मचारी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) के लिए कार्यालयों में आवेदन देने के बजाय सीधे HRMS पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
ESS के NOC Tab से होगा आवेदन
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी (Sr. DPO) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार कर्मचारियों को अपनी HRMS आईडी का उपयोग करते हुए HRMS पोर्टल पर उपलब्ध Employee Self Service (ESS) के NOC Tab के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत करना होगा। इस सुविधा के जरिए कर्मचारी नई नौकरी, प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं प्रशासनिक आवश्यकताओं के लिए NOC प्राप्त करने की प्रक्रिया ऑनलाइन पूरी कर सकेंगे।
नई व्यवस्था से कर्मचारियों को आवेदन जमा करने के लिए संबंधित कार्यालयों के बार-बार चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऑनलाइन आवेदन के बाद कर्मचारी अपने मोबाइल फोन अथवा कंप्यूटर के माध्यम से आवेदन की स्थिति की जानकारी भी प्राप्त कर सकेंगे।
24 घंटे उपलब्ध रहेगी ऑनलाइन सुविधा
रेल मंडल की ओर से लागू की गई यह सुविधा 24×7 उपलब्ध रहेगी। कर्मचारी अपनी सुविधा और आवश्यकता के अनुसार किसी भी स्थान से NOC के लिए आवेदन कर सकेंगे। इससे समय की बचत के साथ-साथ आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ने और प्रकरणों के त्वरित निस्तारण में मदद मिलने की उम्मीद है।
ऑनलाइन व्यवस्था लागू होने से कागजी कार्यवाही और मैनुअल फाइल मूवमेंट में भी कमी आएगी। इससे कार्मिक विभाग की प्रशासनिक कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी एवं दक्ष बनने में सहायता मिलेगी।
डिजिटल व्यवस्था से कर्मचारियों को मिलेगा सीधा लाभ
जबलपुर मंडल की यह पहल कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से बेहतर और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। HRMS के माध्यम से NOC आवेदन की सुविधा शुरू होने से कर्मचारियों को प्रक्रिया के विभिन्न चरणों की जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध हो सकेगी और अनावश्यक कागजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी।
यह व्यवस्था डिजिटल इंडिया और ई-गवर्नेंस की अवधारणा के अनुरूप रेलवे की प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सुगम एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में एक और कदम है।
नवम्बर 2025 से शिकायत कैंप की भी व्यवस्था
जबलपुर मंडल द्वारा कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की समस्याओं के समाधान के लिए शिकायत कैंप की व्यवस्था भी नवम्बर 2025 से लागू की जा चुकी है। इसके तहत प्रत्येक माह के तृतीय बुधवार को कटनी, सतना, सागर, दमोह एवं नरसिंहपुर में शिकायत कैंप आयोजित किए जाते हैं।
इन कैंपों में रेल कर्मचारियों एवं पेंशनभोगियों की शिकायतों को सुनकर उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण की व्यवस्था की जाती है। इससे संबंधित कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए मंडल कार्यालय के बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ती।
जबलपुर मंडल की इन डिजिटल एवं विकेंद्रीकृत पहलों का उद्देश्य कर्मचारियों को समयबद्ध, पारदर्शी और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराना तथा प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।
