भोपाल। संगठित अपराधों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एसटीएफ-एसआईटी को बड़ी सफलता मिली है। हैरी बॉक्सर गैंग के सक्रिय सदस्य और 20 हजार रुपये के इनामी फरार आरोपी प्रदीप शुक्ला को मुरैना जिले से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और विभिन्न राज्यों में ठिकाना बदलकर रह रहा था।जानकारी के अनुसार अशोकनगर, इंदौर, भोपाल और खरगोन जिलों में घटित संगठित अपराधों की जांच के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ डी. श्रीनिवास वर्मा के पर्यवेक्षण और उप पुलिस महानिरीक्षक (रेल) राहुल लोढ़ा के नेतृत्व में विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया था। इसी टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक 11-12 फरवरी को थाना कोतवाली जिला अशोकनगर में दर्ज मामले में स्थानीय व्यापारी को लॉरेन्स विश्नोई गैंग का सदस्य बताकर हैरी बॉक्सर द्वारा फिरौती की धमकी दी गई थी। इस मामले में पहले ही मनीष जांगिड़ (जयपुर), पवन शर्मा (गोरमी, भिण्ड) और दिनेश सुथार (बीकानेर) को गिरफ्तार किया जा चुका है। मुख्य आरोपी प्रदीप शुक्ला निवासी डिफेंस कॉलोनी, आगरा घटना के बाद से फरार था, जिस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जांच में सामने आया कि आरोपी प्रदीप शुक्ला ने सह-आरोपी मनीष जांगिड़ को व्यापारी के घर की रेकी और फायरिंग के निर्देश दिए थे। साथ ही गोरमी (भिण्ड) और गोवा से ऑनलाइन माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई गई थी।पुलिस के अनुसार प्रदीप शुक्ला हैरी बॉक्सर गैंग का प्रमुख सदस्य है। उसके खिलाफ फिरौती, रंगदारी और हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में कुल 9 प्रकरण दर्ज हैं। फरारी के दौरान वह राजस्थान, पंजाब और उत्तरप्रदेश में लगातार ठिकाना बदलता रहा।एसटीएफ और एसआईटी की संयुक्त टीम ने 8 अप्रैल को आरोपी को शिकारपुर, जिला मुरैना से आते समय गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ विधि अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।कार्रवाई में उपनिरीक्षक अमित शर्मा, उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुशवाह, उपनिरीक्षक भूपेन्द्र सिंह गुर्जर, आरक्षक अनुज सिंह तोमर, आरक्षक भोला शंकर, आरक्षक राहुल यादव, आरक्षक सौरभ गुर्जर और आरक्षक पवन शाक्य की सराहनीय भूमिका रही।पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि संगठित अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
