
दमोह , 15 मार्च 2026/दमोह जिले में आयोजित एक विवाह परिचय सम्मेलन उस समय विवादों में घिर गया जब कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे लोगों ने आयोजकों पर रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे लेने और उचित व्यवस्था न करने का आरोप लगा दिया। बताया गया कि प्रत्येक प्रतिभागी से लगभग 1100 रुपए लिए गए, लेकिन कई लोगों को इसकी रसीद तक नहीं दी गई।रविवार को जब बड़ी संख्या में युवक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे तो वहां अपेक्षित व्यवस्थाएं नजर नहीं आईं। लोगों का कहना था कि उन्हें बताया गया था कि सम्मेलन में युवतियां भी शामिल होंगी और परिचय के माध्यम से विवाह योग्य जोड़ों का चयन किया जाएगा, लेकिन मौके पर ऐसी स्थिति नहीं दिखी। इससे नाराज लोगों ने आयोजकों से जवाब मांगा और विरोध शुरू कर दिया।स्थिति धीरे-धीरे तनावपूर्ण हो गई और कुछ देर के लिए सड़क पर भीड़ बढ़ने से यातायात प्रभावित होने लगा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर माहौल शांत कराया।
गांव-गांव जाकर कराया गया था पंजीयन
स्थानीय लोगों के अनुसार सम्मेलन के लिए कई गांवों और कस्बों में जाकर युवकों का पंजीयन कराया गया था। आयोजकों द्वारा फोटो और मोबाइल नंबर लेकर शुल्क जमा कराया गया था। कई लोगों को भरोसा दिलाया गया था कि कार्यक्रम में विवाह योग्य युवतियों की भी उपस्थिति रहेगी।लेकिन कार्यक्रम स्थल पर अपेक्षित व्यवस्था नहीं मिलने से लोगों में नाराजगी फैल गई।
राशि लौटाने की मांग
कई प्रतिभागियों ने आयोजकों से कहा कि यदि सम्मेलन निर्धारित तरीके से आयोजित नहीं हुआ है तो उनसे ली गई राशि वापस की जाए। कुछ लोगों का आरोप है कि बड़ी संख्या में युवकों से अग्रिम पंजीयन कराकर पैसे लिए गए थे।
प्रशासन ने कराया शांत
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित किया। अधिकारियों ने कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी और यदि किसी प्रकार की अनियमितता सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
