10-12 साल पुराने ट्रांसफार्मर जर्जर, लटकते तारों और लो-वोल्टेज से बढ़ा हादसों का खतरा
दमोह। शहर से लगे ग्राम सिंगपुर स्थित गणेशपुरम कॉलोनी के रहवासियों ने विद्युत व्यवस्था की बदहाली को लेकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल सुधार की मांग की है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था अत्यंत जर्जर हो चुकी है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है और सैकड़ों परिवार परेशानी का सामना कर रहे हैं।
कलेक्टर को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि कॉलोनी में लगे अधिकांश डीपी एवं ट्रांसफार्मर जल चुके हैं या जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। कई स्थानों पर ट्रांसफार्मर झुकी हुई स्थिति में हैं, जो कभी भी गिरकर बड़ा हादसा कर सकते हैं।
रहवासियों ने बताया कि कॉलोनी में पिछले 10 से 12 वर्षों से लगे ट्रांसफार्मरों का एक बार भी परिवर्तन नहीं किया गया है। लगातार बढ़ते भार और रखरखाव की कमी के कारण उनकी स्थिति अत्यंत खराब हो चुकी है।
लटकते तार बन रहे खतरा ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कॉलोनी में कई जगह बिजली के तार नीचे लटक रहे हैं तथा खुले पड़े हुए हैं। इससे विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
लो-वोल्टेज और हाई-वोल्टेज से उपकरण हो रहे खराब रहवासियों के अनुसार कॉलोनी में बिजली सप्लाई का वोल्टेज कभी बहुत कम तो कभी अत्यधिक अधिक हो जाता है। इस असंतुलित सप्लाई के कारण कई ट्रांसफार्मर जल चुके हैं और 100 से अधिक घरों के विद्युत उपकरण भी खराब हो चुके हैं।
बार-बार बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी कॉलोनीवासियों का कहना है कि क्षेत्र में आए दिन असमय बिजली बाधित रहती है। इससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और भीषण गर्मी के बीच लोगों का जीवन कठिन हो गया है। लगभग 100 से अधिक परिवार मानसिक और आर्थिक रूप से प्रभावित हो रहे हैं।
शीघ्र कार्रवाई की मांग रहवासियों ने कलेक्टर से मांग की है कि जर्जर ट्रांसफार्मरों को बदला जाए, लटकते तारों को व्यवस्थित किया जाए तथा विद्युत व्यवस्था को सुरक्षित और सुचारू बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए।
कॉलोनीवासियों का कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
