दमोह। नाग पंचमी के पावन अवसर पर प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी प्रेम कुटी स्थित श्री गणेश मंदिर परिसर में सेन समाज का भव्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में दमोह शहर के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों से बड़ी संख्या में सेन समाज के लोग शामिल हुए। समाजबंधुओं ने धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती और समाज के विकास को लेकर महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रेम कुटी स्थित श्री गणेश मंदिर के नवनिर्माण को लेकर विशेष चर्चा हुई। समाजबंधुओं ने मंदिर के वर्तमान पुराने ढांचे को डिस्मेंटल कर आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप व्यवस्थित एवं भव्य रूप से नए मंदिर का निर्माण कराने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव पर उपस्थित समाजजनों ने सामूहिक रूप से अपनी सहमति व्यक्त की। समाजजनों का कहना था कि मंदिर केवल धार्मिक आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक गतिविधियों का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में इसके व्यवस्थित नवनिर्माण से समाज को लंबे समय तक लाभ मिलेगा।
बैठक के दौरान सेन समाज के संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से नवीन दायित्वों की घोषणा भी की गई। विवेक सेन (विकी) को सेन समाज का नया जिलाध्यक्ष बनाए जाने की घोषणा की गई। वहीं दुकानदार एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी शेरू सेन को सौंपी गई। दमोह नगर दुकानदार एसोसिएशन के नगर अध्यक्ष के रूप में सुमित सेन को दायित्व दिया गया, जबकि संजू सेन (पटेरा) को जिला महामंत्री बनाया गया।
नवीन पदाधिकारियों की घोषणा के बाद उपस्थित समाजबंधुओं ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। समाजजनों ने उम्मीद जताई कि नई कार्यकारिणी समाज को एकजुट करने, युवाओं को संगठन से जोड़ने और समाजहित के विभिन्न कार्यों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ एवं गणमान्य नागरिकों की भी विशेष उपस्थिति रही। इनमें मोहन सेन, किशोर सेन, दामोदर सेन, राजकुमार सेन, अरुण सेन, गंगा प्रसाद सेन हटा, मुकेश सेन, जगदीश सेन, बॉबी सेन, गोविन्द सेन, हरी सेन, रमेश सेन पटेरा, कमलेश सेन, बनवारीलाल सेन, सेठी सेन, मुन्ना सेन, राजू सेन, आलोक सेन, हरिओम सेन एवं श्याम लाल सेन सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु मौजूद रहे।
नाग पंचमी के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकजुटता का भी संदेश देखने को मिला। समाजबंधुओं ने आपसी सहयोग, संगठन को मजबूत करने और समाज के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान आगामी समय में सामाजिक गतिविधियों को विस्तार देने तथा समाज के युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी चर्चा की गई।
कार्यक्रम के अंत में समाज के वरिष्ठजनों ने कहा कि किसी भी समाज की मजबूती उसकी एकता और आपसी सहयोग में निहित होती है। सभी समाजबंधुओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के साथ मिलकर समाज की प्रगति और उत्थान के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। धार्मिक उत्साह और सामाजिक एकता के वातावरण में कार्यक्रम का समापन हुआ।
