दमोह। आज 06 अक्टूबर मंगलवार को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी मध्यप्रदेश संजीव कुमार झा ने निर्वाचन सदन भोपाल से प्रदेश के उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर मतदाता सूची के पुनरीक्षण एवं पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया की समीक्षा की। बैठक में उन्होंने प्रदेश के प्रत्येक मतदान केंद्र पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को विशेष शिविर आयोजित कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विशेष शिविरों के दौरान किसी भी मतदाता से फार्म-6 के अतिरिक्त कोई घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा। उन्होंने सभी जिला उप निर्वाचन अधिकारियों को इस व्यवस्था का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मतदाता सूची में पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए विशेष शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में उन्होंने कहा कि जिन युवाओं ने 1 अक्टूबर को 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए फार्म लिए जाएं। इसके साथ ही जो युवा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले हैं, उनके नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए अग्रिम रूप से भी फार्म जमा कराए जा सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाताओं को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पात्र व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम जोड़ने के लिए voters.eci.gov.in वेबसाइट अथवा ECINET मोबाइल एप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को इस ऑनलाइन सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा विशेष रूप से युवा मतदाताओं को ऑनलाइन आवेदन के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
वर्चुअल बैठक के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में अब तक किए गए कार्यों की भी समीक्षा की गई। इंदौर और विदिशा जिलों में हुई प्रगति की सराहना की गई, जबकि अपेक्षाकृत पिछड़े जिलों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
दमोह जिले में भी विशेष शिविरों की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले के समस्त मतदान केंद्रों पर 7, 8 और 9 अक्टूबर को पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी भी दी जाएगी।
निर्वाचन विभाग ने पात्र नागरिकों, विशेषकर पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं से अपील की है कि वे विशेष शिविरों का लाभ उठाएं और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन करें।
