दमोह। जिले में पेट्रोल, डीजल और एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर फैली अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि आपूर्ति तेजी से सामान्य हो रही है और कहीं भी वास्तविक कमी नहीं है। कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि जिन स्थानों पर अस्थायी दबाव बना था, वहां कुछ ही घंटों में आपूर्ति की व्यवस्था कर दी गई है, जिससे हालात लगातार सामान्य होते जा रहे हैं।कलेक्टर ने बताया कि पेट्रोल-डीजल की नियमित आपूर्ति के लिए टैंकर लगातार भेजे जा रहे हैं और सभी पेट्रोल पंपों की स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। जहां मांग अधिक रही, वहां प्राथमिकता के आधार पर ईंधन उपलब्ध कराया गया है। प्रशासन के इन प्रयासों से अधिकांश स्थानों पर उपलब्धता बेहतर हो गई है और स्थिति तेजी से सामान्य होने लगी है।
एलपीजी गैस को लेकर भी प्रशासन ने राहत भरी जानकारी दी है। कलेक्टर सुधीर कोचर ने बताया कि जिले में 4,000 से अधिक गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नए रैक लगातार पहुंच रहे हैं। गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ताओं को समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करें। इंडेंट के बाद 3–4 घंटे में सप्लाई उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
प्रशासन की सख्त चेतावनी
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि घबराहट में पेट्रोल-डीजल या गैस का अवैध भंडारण करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। आवश्यक वस्तुओं का कृत्रिम संकट पैदा करने, अधिक मात्रा में खरीदकर स्टॉक करने या कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रम फैलाने, अफवाहें फैलाने या गलत जानकारी साझा करने वालों पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधा को प्रभावित करती हैं, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नागरिकों से अपील
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि
- घबराहट में अनावश्यक खरीदारी न करें
- जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल व गैस लें
- अफवाहों पर ध्यान न दें
- अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा न करें
- किसी भी समस्या की सूचना प्रशासन को दें
प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जिले में पेट्रोल, डीजल और गैस की पर्याप्त उपलब्धता है तथा आपूर्ति लगातार जारी है। स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और जल्द ही सभी स्थानों पर व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो जाएगी। नागरिक संयम रखें और प्रशासन का सहयोग करें।
