दमोह से कामाख्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 460 तीर्थयात्री हुए रवाना; सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा—बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार कर रही सरकार

दमोह, 07 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत दमोह जिले से माता कामाख्या के दर्शन के लिए सोमवार को विशेष ट्रेन रवाना हुई। यात्रा के लिए कुल 479 यात्रियों का पंजीयन हुआ था, जिनमें से 460 तीर्थयात्री कामाख्या धाम की धार्मिक यात्रा पर रवाना हुए। स्पेशल ट्रेन को रवाना किए जाने के अवसर पर यात्रियों में खासा उत्साह और उमंग दिखाई दी। लंबे समय से कामाख्या माता के दर्शन की इच्छा रखने वाले श्रद्धालु इस यात्रा को लेकर बेहद प्रसन्न नजर आए।
दमोह से कामाख्या माता के दर्शन के लिए रवाना हुई विशेष ट्रेन को प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी, मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया तथा कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने तीर्थयात्रियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में अनुरक्षक दल, चिकित्सकीय दल सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
श्रवण कुमार की भावना से वृद्ध माता-पिता की सेवा कर रही सरकार : धर्मेंद्र सिंह लोधी
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार वृद्धजनों की सेवा और उनकी धार्मिक भावनाओं का सम्मान करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार श्रवण कुमार की भावना के साथ वृद्ध माता-पिता की सेवा करते हुए उन्हें तीर्थ दर्शन जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि कामाख्या धाम काफी दूर होने के कारण अनेक श्रद्धालु इच्छा होने के बावजूद वहां दर्शन के लिए नहीं पहुंच पाते। ऐसे में दमोह से सीधे विशेष ट्रेन का संचालन तीर्थयात्रियों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा है। इस यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं को माता कामाख्या के दर्शन का अवसर मिलेगा और वे सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना कर सकेंगे।राज्यमंत्री ने सभी यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए माता कामाख्या से सभी के सुखी, निरोगी और मंगलमय जीवन की प्रार्थना की।
बुजुर्गों के तीर्थ दर्शन का सपना साकार कर रही सरकार : सांसद राहुल सिंह लोधी
दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश सरकार वृद्धजनों को तीर्थ दर्शन कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है। इसी क्रम में दमोह से 460 तीर्थ यात्रियों को माता कामाख्या के दर्शन के लिए विशेष ट्रेन से रवाना किया गया है।उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार वृद्धजनों के लिए श्रवण कुमार की भूमिका निभा रही है।सांसद ने कहा कि जीवनभर परिवार और समाज की जिम्मेदारियां निभाने वाले बुजुर्गों के लिए तीर्थ यात्रा का विशेष महत्व है। चार धाम सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन के बाद अब माता कामाख्या के दर्शन का अवसर मिलना श्रद्धालुओं के लिए सौभाग्य की बात है।
देश पर सुख-समृद्धि बरसाएं मां कामाख्या : डॉ. कुसमरिया
मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने माता कामाख्या से प्रार्थना करते हुए कहा कि मां कामाख्या देवी पूरे देश पर आनंद, सुख और समृद्धि की वर्षा करें तथा देशवासियों की प्राकृतिक आपदाओं से रक्षा करें।उन्होंने कामना की कि मां सभी लोगों को ईश्वर भक्ति, सद्भावना और सकारात्मक सोच से ओत-प्रोत करें तथा भारत की गरिमा को और बढ़ाने का आशीर्वाद प्रदान करें।डॉ. कुसमरिया ने कहा कि तीर्थ दर्शन की यह पहल पहले से संचालित है और इसे लगातार व्यापक बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में भी यह योजना निरंतर आगे बढ़े और अधिक से अधिक श्रद्धालु इसका लाभ उठा सकें, यही प्रयास होना चाहिए।
वर्षों से संजोए सपनों को मिल रही नई उड़ान : कलेक्टर प्रताप नारायण यादव
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि यह यात्रा उन श्रद्धालुओं के सपनों की यात्रा है, जिन्हें उन्होंने वर्षों से अपने मन में संजोकर रखा था। इन श्रद्धालुओं ने अपने जीवन का बड़ा हिस्सा परिवार, समाज और राष्ट्र की सेवा में समर्पित किया है।उन्होंने कहा कि पारिवारिक एवं सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के बाद जीवन में आध्यात्मिक उन्नति का भी विशेष महत्व होता है। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से मध्यप्रदेश शासन श्रद्धालुओं की इसी आध्यात्मिक आकांक्षा को पूरा करने का कार्य कर रहा है।कलेक्टर ने कहा कि यात्रा के लिए रवाना होते समय श्रद्धालुओं के चेहरों पर दिखाई दे रही खुशी और उत्साह को देखकर जिला प्रशासन भी प्रसन्न है। शासन और प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुख-सुविधा एवं सुरक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं और श्रद्धालु भी इन व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्ट नजर आए।उन्होंने सभी यात्रियों को सुखद एवं मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं। साथ ही बाबा जागेश्वरनाथ से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सफल, सुरक्षित और निर्विघ्न होने की प्रार्थना की।
12 सितंबर को वापस लौटेंगे तीर्थयात्री
कामाख्या धाम की यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालु तीर्थ दर्शन पूर्ण करने के बाद 12 सितंबर को दमोह वापस लौटेंगे। जिला प्रशासन की ओर से वापसी पर भी श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्था की जाएगी।स्पेशल ट्रेन के रवाना होने के दौरान स्टेशन पर श्रद्धालुओं और उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। कई यात्रियों ने कहा कि कामाख्या माता के दर्शन की इच्छा लंबे समय से थी, लेकिन दूरी और यात्रा के खर्च के कारण यह संभव नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के माध्यम से यह अवसर मिलने पर उन्होंने शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
तीर्थ यात्रा ने बुजुर्ग श्रद्धालुओं के चेहरों पर बिखेरी खुशी
दमोह से कामाख्या के लिए रवाना हुई यह विशेष ट्रेन केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि उन बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए भावनात्मक अवसर भी बनी, जिन्होंने वर्षों से देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन की इच्छा संजो रखी थी। शासन की योजना और प्रशासन की व्यवस्थाओं के बीच यह यात्रा उनके लिए आस्था, विश्वास और आध्यात्मिक संतोष का माध्यम बनती नजर आई।
