दमोह में बड़ी देवी मंदिर प्रांगण में हुआ आयोजन, कई सदस्यों ने ली प्रांतीय सदस्यता
दमोह/मध्य प्रदेश पुलिस पेंशनर्स संघ जिला इकाई दमोह की मासिक बैठक रविवार 15 मार्च 2026 को स्थानीय बड़ी देवी मंदिर प्रांगण में आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे पेंशनर्स ने भाग लेकर अपनी सामूहिक समस्याओं और संगठन से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। साथ ही पेंशनर्स के अधिकारों और उनके हितों की रक्षा के लिए संगठन को और मजबूत बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया।बैठक के दौरान संयुक्त पेंशनर्स मोर्चा के गठन के संबंध में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों का एकजुट होना आवश्यक है, ताकि शासन स्तर पर उनकी मांगों को प्रभावी तरीके से रखा जा सके।
कार्यक्रम में हरिशंकर मिश्रा, कामता प्रसाद भट्ट, कृपाशंकर तिवारी, बद्री प्रसाद प्यासी, सुदामा प्रसाद मिश्रा, शंकर सिंह ठाकुर, उत्तम लाल अहिरवार और मुलायम सिंह ठाकुर ने संघ की प्रांतीय सदस्यता ग्रहण की। संगठन के पदाधिकारियों ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके जुड़ने से संगठन को और मजबूती मिलेगी।
बैठक के दौरान विगत दिनों पुलिस परिवार के सदस्य राम विशाल श्रीवास्तव और दयाराम झारिया के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन धारण कर दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की।बैठक में संगठन की गतिविधियों को लेकर भी चर्चा की गई और निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में पेंशनर्स के हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ उठाया जाएगा।इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष धनसिंह राजपूत, संरक्षक राजकिशोर सेन, डी.पी. तिवारी, महेश प्रसाद मिश्रा, रामकिशोर पांडे सहित लगभग 30 सदस्य उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आपसी सौहार्द और भाईचारे के साथ बैठक में भाग लिया।बैठक के उपरांत सभी सदस्यों ने सामूहिक रूप से बाटी-भरता का आनंद लिया और संगठन की एकजुटता को बनाए रखने का संकल्प लिया। इसके साथ ही बैठक का समापन किया गया।
