दमोह/तेंदूखेड़ा। थाना तेंदूखेड़ा पुलिस ने सूने मकान में हुई चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के करीब 6 लाख रुपये कीमत के जेवरात भी बरामद किए गए हैं। यह चोरी पंचवटी मंदिर के पास स्थित एक मकान में हुई थी, जहां अज्ञात आरोपी ने घर में घुसकर अलमारी में रखे जेवरात पार कर दिए थे।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 23 मार्च 2026 को फरियादी अभिषेक पिता खबनारायण उपाध्याय (उम्र 42 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 11 पंचवटी मंदिर के पास तेंदूखेड़ा, ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 19 मार्च से 22 मार्च 2026 के बीच उनका मकान सूना था, इसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने घर में घुसकर गोदरेज अलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। शिकायत पर थाना तेंदूखेड़ा में अपराध क्रमांक 146/26 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्रुतकीर्ति सोमवंशी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीत सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी तेंदूखेड़ा अर्चना अहिरवार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ की तथा तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए। साथ ही संदिग्धों पर निगरानी रखी गई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात कबूल कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए।
बरामद माल में सोने का एक रानीहार, सोने के दो चैन वाले मंगलसूत्र, सोने के कान के पांच जोड़ी टॉप्स, सोने का एक जोड़ी झुमका, सोने की चार अंगूठियां तथा चांदी की पांच जोड़ी पायल शामिल हैं। जब्त किए गए जेवरात की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामकुमार उर्फ कुल्ले पिता गुड्डा रैकवार (उम्र 30 वर्ष) निवासी वार्ड नंबर 09 भटेरिया, थाना तेंदूखेड़ा जिला दमोह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी तेंदूखेड़ा निरीक्षक रोहित सिंह बागरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम में प्रधान आरक्षक बृजेश तिवारी, सलीम खान, आरक्षक नीरज नामदेव, विशाल बैन, शैलेन्द्र बघेल, रणधीर सिंह डांगी, राममिलन चौधरी तथा विजय दीक्षित का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम की सराहना की गई है।
पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि घर सूना छोड़ने से पहले पड़ोसियों को सूचना दें तथा सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करें, जिससे इस प्रकार की घटनाओं को रोका जा सके।
