इंदौर/ज्योतिष एवं वास्तु परिषद इंदौर द्वारा संस्थापक स्वर्गीय पाटन वाले गुरुजी की पुण्य स्मृति में एक दिवसीय पुण्य स्मरण एवं विद्वत सम्मान समारोह का आयोजन 29 अप्रैल 2026 को माहेश्वरी धर्मशाला, महेश नगर, इंदौर में किया जाएगा। इस संबंध में 8 अप्रैल 2026 को इंदौर में आयोजित बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। बैठक का आयोजन राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज शर्मा पाटनवाला के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यक्रम के अध्यक्ष पंडित संजय शर्मा और राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज शर्मा पाटनवाला ने बताया कि यह आयोजन संस्था के संस्थापक स्वर्गीय पाटन वाले गुरुजी की स्मृति को समर्पित रहेगा। एक दिवसीय यह कार्यक्रम पूर्णतः निःशुल्क आयोजित किया जा रहा है, जिसमें विभिन्न प्रांतों से ज्योतिष एवं वास्तु विधाओं के विद्वानों को आमंत्रित किया गया है। समारोह में उपस्थित सभी विद्वानों का संस्था की ओर से शाल, श्रीफल, प्रमाण पत्र तथा स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान किया जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार यह कार्यक्रम केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि ज्योतिष और वास्तु से जुड़े समकालीन विषयों पर विचार-विमर्श, अनुभव साझा करने तथा नई पीढ़ी को पारंपरिक ज्ञान से जोड़ने का भी उद्देश्य रखता है। कार्यक्रम के माध्यम से विद्वानों के बीच संवाद स्थापित कर समाजोपयोगी दिशा में ज्योतिष एवं वास्तु ज्ञान के प्रसार का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में महामंडलेश्वर प्रेम परमार, महामंडलेश्वर श्यामानंद महाराज सरकारी बाबा, आचार्य पंडित नारायण वैष्णव, वास्तुविद गौरव गुप्ता, ज्योतिषाचार्य गौरव अग्रवाल, एडवोकेट कोमल दीक्षित, ज्योतिषाचार्य राम पांचाल, ज्योतिषाचार्य प्रकाश गौड़, पूनम वाजपेयी, नम्रता मालपानी सहित अनेक विद्वानों ने सहभागिता कर आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विस्तृत योजना तैयार की।
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि यह आयोजन समाज के विद्वानों को एक मंच प्रदान करेगा, जहां पारंपरिक ज्ञान की गरिमा के साथ-साथ आधुनिक संदर्भों में उसके उपयोग पर भी चर्चा होगी। साथ ही, युवा पीढ़ी को ज्योतिष एवं वास्तु के वैज्ञानिक पक्ष से परिचित कराने का भी प्रयास किया जाएगा।
