65 लाख का उप स्वास्थ्य केंद्र शुरू, सामुदायिक भवन और सीसी रोड निर्माण का हुआ शुभारंभ
दमोह, 28 मार्च 2026। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देते हुए प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने नोहटा क्षेत्र के ग्राम कुलुवा (मौसीपुरा) एवं आदिवासी ग्राम भैंसखार में विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि पूजन किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।राज्यमंत्री लोधी ने ग्राम कुलुवा (मौसीपुरा) में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया। इस उप स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से ग्रामवासियों को प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। इससे आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी उपचार के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।उन्होंने कहा कि पहले लोगों को उपचार के लिए नोहटा या जबेरा तक जाना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त लागत आती थी। अब गांव में ही स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से ग्रामीणों को राहत मिलेगी और समय पर उपचार संभव हो सकेगा।
आदिवासी ग्राम भैंसखार को भी मिली सौगात
राज्यमंत्री श्री लोधी ने आदिवासी ग्राम भैंसखार में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमि पूजन किया। इस भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।इसके साथ ही 23.87 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भी भूमि पूजन किया गया। सीसी रोड बनने से गांव में आवागमन की सुविधा बेहतर होगी और बरसात के मौसम में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनपद जबेरा में लगभग 13 उप स्वास्थ्य केंद्रों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अलावा चौपरा में एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी बनाया जा रहा है, जिससे क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, सड़क और सामुदायिक सुविधाओं को प्राथमिकता दे रही है, ताकि गांवों में रहने वाले लोगों को शहर जैसी सुविधाएं मिल सकें।
जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सुमन उपाध्याय, सत्यपाल सिंह, बीएमओ डी.के. राय, जनपद सीईओ रामेश्वर पटेल, लाल सिंह यादव, गनपत लोधी, उमराव सिंह लोधी, नरेंद्र लोधी, बाबू आदिवासी, संतोष पुरोहित सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।
