सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई
1600 में से 1435 पेंशन प्रकरणों का समाधान, अधिकारियों को दिए महत्वपूर्ण निर्देश
दमोह, 8 जून 2026जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी, संवेदनशील और जनहितैषी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन की कोई भी शिकायत अनअटेंडेड नहीं रहनी चाहिए। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समय-सीमा में शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर कलेक्टर मीना मसराम, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे, सभी एसडीएम तथा विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर यादव ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज और प्रशासन में सकारात्मक सोच ही बड़े बदलाव का आधार बनती है। उन्होंने वर्षा और महासागर का उदाहरण देते हुए कहा कि छोटी-छोटी वर्षा की बूंदों का इंतजार पूरा संसार करता है, जबकि विशाल महासागर को वह सम्मान नहीं मिल पाता। इसी प्रकार छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास भी बड़े परिवर्तन का कारण बनते हैं।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में जिले के प्रशासनिक वातावरण में उल्लेखनीय बदलाव आया है। पहले विभागों के बीच समन्वय और सहयोग की कमी की शिकायतें मिलती थीं, लेकिन अब अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य कर रहे हैं, जिसका परिणाम जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के रूप में सामने आ रहा है।
दृढ़ इच्छाशक्ति से संभव हुआ लंबित पेंशन प्रकरणों का समाधान
कलेक्टर यादव ने बताया कि जिन पेंशन प्रकरणों को लंबे समय तक जटिल और असंभव माना जा रहा था, उनका भी सफलतापूर्वक निराकरण किया गया है। जिले में पिछले नौ महीनों से बंद पड़ी पेंशन से जुड़े लगभग 1600 मामलों में से 1435 प्रकरणों का समाधान किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्रतिबद्धता, आपसी विश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति से कठिन से कठिन कार्य भी संभव हो जाते हैं।
पीएम श्री एयर एंबुलेंस सेवा की दी गई विस्तृत जानकारी
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. अठ्या ने प्रधानमंत्री श्री एयर एंबुलेंस सेवा की जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं, औद्योगिक हादसों तथा प्राकृतिक आपदाओं में गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को त्वरित उपचार उपलब्ध कराने के लिए निःशुल्क एयर एंबुलेंस सुविधा संचालित की जा रही है।
आयुष्मान हितग्राहियों को राज्य के भीतर और बाहर उपचार की सुविधा
डॉ. अठ्या ने बताया कि गंभीर और जटिल बीमारियों से पीड़ित आयुष्मान कार्डधारकों को राज्य के भीतर एवं राज्य के बाहर स्थित शासकीय तथा आयुष्मान योजना से संबद्ध अस्पतालों तक निःशुल्क हवाई परिवहन सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें समय पर बेहतर उपचार मिल सके।
गैर-आयुष्मान मरीज भी ले सकेंगे लाभ
उन्होंने बताया कि जिन मरीजों के पास आयुष्मान कार्ड नहीं है, उन्हें भी राज्य के भीतर स्थित सरकारी अस्पतालों तक निःशुल्क एयर एंबुलेंस सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं राज्य के बाहर उपचार की आवश्यकता होने पर अनुमोदित दरों के अनुसार सशुल्क हवाई परिवहन सुविधा प्रदान की जाएगी।
सड़कों और पुल-पुलियों पर लगें आवश्यक संकेतक
बैठक में कलेक्टर यादव ने लोक निर्माण विभाग एवं अन्य निर्माण एजेंसियों को निर्देशित किया कि जिले की सभी प्रमुख सड़कों, पुलों और पुलियों पर आवश्यक चेतावनी एवं दिशा संकेतक तत्काल लगाए जाएं, ताकि यातायात सुरक्षित और सुगम बनाया जा सके।
महाविद्यालयों में लगेंगे लर्निंग लाइसेंस शिविर
युवाओं को परिवहन नियमों के प्रति जागरूक बनाने और लाइसेंस प्रक्रिया को सरल करने के लिए जिले के सभी महाविद्यालयों में लर्निंग लाइसेंस शिविर आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर ने अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य को विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिससे अधिकाधिक विद्यार्थी इसका लाभ उठा सकें।
सुभाष कॉलोनी नाले की सफाई पर विशेष जोर
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सुभाष कॉलोनी स्थित नाले की सफाई व्यवस्था की समीक्षा भी की। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे नाले की गहन एवं स्थायी सफाई सुनिश्चित की जाए, जिससे आगामी वर्षा ऋतु में जलभराव की समस्या दोबारा उत्पन्न न हो। उन्होंने शहरी विकास अभिकरण और नगरपालिका अधिकारियों को इस कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर यादव ने कहा कि प्रशासन की सफलता केवल योजनाओं के क्रियान्वयन से नहीं, बल्कि आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और संतोषजनक समाधान से मापी जाती है। जनसेवा की भावना और सकारात्मक कार्य संस्कृति ही सुशासन की वास्तविक पहचान है।
