शिकायत के मुताबिक मुरलीधर पाटीदार उम्र 60 वर्ष संजय नगर में रहते हैं और खेती का काम करते हैं। उनके गुरुजी गिरीश शर्मा के घर की नाली चोक हो गई थी। नाली की सफाई के लिए गुरुजी खुद जुटे हुए थे। इसी दौरान उनके बेटे अजय पाटीदार ने सफाई करते हुए उनका वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद विवाद शुरू हो गया। अजय का आरोप है कि वीडियो वायरल होने से नाराज रामबाबू पाटीदार ने रात करीब 12 बजे फोन कर उसे रामलीला मैदान बुलाया। उसने बताया कि रामबाबू की पत्नी और बेटे की ओर से भी फोन करके वहां आने के लिए कहा गया था।
अजय के पिता मुरलीधर के अनुसार 1 नवंबर की सुबह करीब 9 बजे उनका बेटा हनुमान मंदिर से रामलीला मैदान की तरफ जा रहा था। इसी दौरान मैदान के पास रामबाबू पाटीदार और उनके भाई रामानंद पाटीदार सहित नरेश पाटीदार और अमन पाटीदार ने उसे रोक लिया। आरोप है कि वहां नाली की सफाई को लेकर सवाल-जवाब शुरू हुए और देखते ही देखते गाली-गलौज होने लगी। अजय ने जब इसका विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। शिकायत में कहा गया है कि रामबाबू और रामानंद ने उसे हाथ-मुक्कों से पीटा और जमीन पर गिराकर लात-घूंसे मारे। इस दौरान उसका गला दबाने का भी आरोप लगाया गया है। नरेश पाटीदार पर भी मारपीट में शामिल होने की शिकायत की गई है।
बेटे को घिरा और पिटता देखकर मुरलीधर पाटीदार बीच-बचाव करने पहुंचे। उनका कहना है कि वे उस समय खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नरेश पाटीदार का बेटा अंशुल और रामबाबू का बेटा अमन भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि नरेश पाटीदार ने उनके सिर पर डंडे से वार कर दिया। चोट लगने से उनके माथे से खून निकलने लगा। शिकायत में रामबाबू के बड़े भाई के बेटे निखिल पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित पक्ष के मुताबिक घटना के समय आसपास कुछ लोग और राहगीर भी मौजूद थे।
अजय पाटीदार ने बताया कि घटना का करीब दो सेकंड का वीडियो उनके पास मौजूद है। उनके मुताबिक वीडियो में उन्हें जमीन पर गिराकर लातों से मारते हुए देखा जा सकता है। घटना के बाद पिता-पुत्र का मेडिकल कराया गया। अजय ने बताया कि उन्हें एमआरआई और सीटी स्कैन कराने की सलाह दी गई थी। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
अजय के अनुसार रामबाबू पाटीदार पूर्व पार्षद रह चुके हैं और उनकी पत्नी शीला रामबाबू पाटीदार वर्तमान में वार्ड 52 की पार्षद हैं। इसी वजह से मामले में पार्षद पति की भूमिका को लेकर चर्चा हो रही है। फिलहाल सामने आई जानकारी पीड़ित पक्ष की शिकायत और आरोपों पर आधारित है। मामले में आरोपों की पुष्टि और सभी संबंधित पक्षों का पक्ष सामने आना बाकी है।
